व्यवसायियों के हाथों धान बेचने को विवश हैं किसान
सीतामढ़ी : प्रखंडों के किसान बिचौलिया व व्यवसायियों के हाथों धान बेचने को मजबूर हैं, पर प्रखंडों व पैक्सों में अब तक धान की खरीदारी शुरू नहीं की गयी है. हालांकि कुछ प्रखंडों में दो-चार पैक्सों द्वारा ही क्रय शुरू किया गया है.
दागी को स्वीकृति नहीं
पिछले कुछ वर्षों से धान क्रय करने वाले पैक्सों की संख्या में कमी हुई है, क्योंकि जिन पैक्सों के यहां सहकारिता बैंक का ऋण बकाया है, उन्हें धान खरीद करने से रोक दिया गया है.
गत वर्ष दर्जन से अधिक पैक्स धान की खरीद नहीं कर सके थे. वहीं ऋण का चुकता न कर गबन कर लेने वाले कई पैक्सों पर इस बार खरीद करने पर रोक लगा दी गयी है.
खरीद शुरू नहीं होने का कारण
अधिकांश पैक्सों में धान की खरीद शुरू नहीं होने का कारण एक समान है. अब तक कई पैक्सों द्वारा नमी मापक यंत्र के लिए डीसीओ के यहां पैसा जमा भी नहीं कराया गया है तो जो जमा करा दिये हैं, उनमें से कई को अब तक नमी मापक यंत्र नहीं मिला है. इसकी पुष्टि अन्य पैक्स अध्यक्षों के अलावा परिहार व्यापार मंडल अध्यक्ष मो सऊद आलम ने भी की है.
मिलरों से टैग नहीं
धान खरीद कर पैक्सों द्वारा चावल बनाने के लिए मिलर के यहां दिया जाना है. जिला स्तर से कुल आठ राइस मिल का चयन किया गया है, लेकिन राइस मिलों को अब तक पैक्सों से टैग नहीं किये जाने के कारण अधिकांश जगह खरीदारी शुरू नहीं की गयी है. पैक्सों को बोरा नहीं मिलने के कारण भी खरीदारी प्रभावित हैं. इधर, धान बेचने वाले किसानों को ताजा लगान रसीद देना है. कर्मचारी की कमी व अन्य कारणों से पर्याप्त रसीद नहीं कट पर रहा है.
इस कारण भी बहुत से किसान धान रखे हुए हैं, पर रसीद के इंतजार में धान नहीं बेच पा रहे हैं. बता दें कि जिला को 88 हजार एमटी धान खरीद करनी है. लक्ष्य से जिला कोसों दूर है.
रुन्नीसैदपुर. धान क्रय के मामले में प्रखंड फिसड्डी साबित हो रहा है. प्रखंड के मधौल शानी व खड़का पैक्स द्वारा ही धान की अधिप्राप्ति की सूचना है. बीसीओ अजय कुमार ने बताया कि प्रखंड में धान अधिप्राप्ति के लिए कुल 25 हजार क्विंटल का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, पर अब तक मात्र 300 क्विंटल ही खरीद की गयी है. कहा, धान किसानों से खरीदारी करने के तत्काल बाद पैक्स अध्यक्षों द्वारा मोबाइल पर मैसेज दिया जाना है,
पर अध्यक्ष इसका अनुपालन नहीं करते हैं. प्रखंड के कुल 33 में से 24 पैक्स द्वारा पिछले वर्ष धान की अधिप्राप्ति की गयी थी, पर इस वर्ष सहकारिता बैंक द्वारा 33 में से मात्र 19 पैक्सों को खरीदारी करने की स्वीकृति दी गयी है. शाखा प्रबंधक नीतीश कुमार के अनुसार, अब तक एक मात्र मधौल शानी पैक्स द्वारा धान अधिप्राप्ति मद में कुल दो लाख 48 हजार 160 रुपये की निकासी सीसी खाता के तहत की गयी है.
