सुप्पी(सीतामढ़ी) : सहायक थाना अंतर्गत मड़पा ईश्वरदास गांव निवासी राजमंगल साह के 23 वर्षीय पुत्र रामबाबु साह के अपहरण अज्ञात लोगों द्वारा सोमवार को कर लिया गया. अपहृत छात्र रामबाबु बीए पार्ट-1 का छात्र है. घटना को लेकर अपहृत छात्र के पिता साह का कहना है कि घटना के दिन दोपहर करीब 2.30 बजे वह अपने घर के छत पर थे. उनका लड़का रामबाबु घर से दस कदम की दूरी पर मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था.
इसी दौरान ससौला गांव की ओर से एक काला रंग की बोलेरो गाड़ी रामबाबु के पास रूकी और जबरन उसे गाड़ी में खींच कर बैठा लिया गया. आसपास के लोगों द्वारा पूछने पर हमलावरों ने बताया कि वह सुप्पी सहायक थाना क्षेत्र से आये हैं. साह का कहना है कि पुत्र के अपहरण को देखने के बाद बोलेरो का पीछा अशोगी गांव तक किया गया. वहां पर स्थानीय लोगों ने बताया कि एक काला रंग का बोलेरो व दो मोटरसाइकिल देखी गयी है. इस बाबत पूछे जाने पर ओपी प्रभारी जितेंद्र कुमार ने कहा कि उन्हें घटना की शिकायत अब तक नही मिली है.
