सीतामढ़ी : जिला मुख्यालय स्थित डुमरा स्टेडियम मैदान में गत दिन आयोजित राज्यस्तरीय अंतर जिला महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद बिहार टीम के लिए चयनित जिले के छह खिलाडि़यों को डीएम डॉ प्रतिमा ने ट्रैैक सूट व प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया.
सम्मानित होने वाले हेलेंस स्कूल की अंकिता कुमारी, अपूर्वा निधि, अस्मिता महरौर व एनएसडीएवी की भावनी भव्या, भव्या प्रियदर्शी व नितिका विभू का नाम शामिल है.
होनहार खिलाड़ी होने के कारण अंकिता को विशेष रूप से सम्मानित किया गया. डीएम ने सभी खिलाडि़यों को उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामना दी. मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष इंद्राणी देवी, एसपी हरि प्रसाथ एस, एसडीओ संजीव कुमार, एसडीसी केके उपाध्याय व जिला क्रिकेट संघ के मानद सचिव श्याम किशोर प्रसाद समेत कई अधिकारी मौजूद थे. हेलेंस स्कूल के निदेशक संजय कुमार ने कहा कि तीनों छाात्राओं ने विद्यालय का गौरव बढ़ाया है.
