सीतामढ़ी : संवर्धन कार्यक्रम एवं प्रथम प्रयास में दक्षता परीक्षा उत्तीर्ण शिक्षकों का वेतन तय कर दिया गया है. डीपीओ, स्थापना प्रेमचंद्र ने संबंधित पदाधिकारियों को उक्त आशय का पत्र भेज दिया है.
इधर, उक्त मामले को लेकर विभाग व शिक्षकों के बीच कुछ गलतफहमी हो गयी थी, को लेकर डीपीओ ने स्पष्ट किया है. बताया है संवर्धन प्राप्त नियोजित शिक्षकों को प्रशिक्षित का वेतनमान देने से संबंधित जारी पत्र नियमानुकूल है.
नियोजित शिक्षकों को बिहार पंचायत प्रारंभिक शिक्षक नियमावली 2012 के आलोक में स्नातक ग्रेड में प्रोन्नति देना है. इस संबंध में एक पत्र जारी किया गया था जो सही है. बता दें कि बिहार पंचायत-नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिला इकाई के आग्रह पर डीपीओ ने उक्त दोनों पत्रों को जारी किया था.
पत्र में डीपीओ ने कहा है कि 18 जनवरी 14, 19 जनवरी 14 व 25 जनवरी 14 को संवर्धन कार्यक्रम व प्रथम प्रयास में दक्षता उत्तीर्ण शिक्षक को उक्त तिथि को प्राप्त नियत वेतन में एक हजार प्रशिक्षित नियत वेतन वृद्धि देय होगी. अगले वर्ष में नियोजन के तिथि के अनुसार 170 रुपये वार्षिक वृद्धि होगी. दक्षता परीक्षा 2013 में प्रथम प्रयास में उत्तीर्ण शिक्षक को योगदान तिथि के तीन वर्षो के बाद से नियत वेतन में प्रशिक्षित 500 रुपये व अप्रशिक्षित 300 रुपये की एक मुश्त वृद्धि होगी.
उसके बाद यानी एक वर्ष बाद नियत वेतन में प्रशिक्षित के वेतन में 170 रुपये व अप्रशिक्षित के वेतन में 100 रुपये की वृद्धि होगी. द्वितीय प्रयास में दक्षता उत्तीर्ण शिक्षकों को दक्षता परीक्षाफल प्रकाशन तिथि से नियत वेतन में प्रशिक्षित 500 व अप्रशिक्षित 300 रुपये की वृद्धि होगी. इस आशय का पत्र नगर परिषद व सभी नगर पंचायतों के कार्यपालक पदाधिकारी, सभी बीडीओ, बीइओ व पंचायत सचिव को भेज दिया गया है.
