आक्रोश . 20 राउंड हवाई फायरिंग, आंसू गैस के गोले छोड़े
नेपाल के गरूड़ा में डॉक्यूमेंट्री के प्रदर्शन को पुलिस द्वारा रोके जाने पर ग्रामीणों ने की रोड़ेबाजी
बैरगनिया : सीमा पार नेपाल के रौतहट जिले के गरूड़ा नगरपालिका वार्ड नंबर पांच महमदपुर में पुलिस व राष्ट्रीय जनता पार्टी के समर्थकों के बीच हुई झड़प में पुलिस कर्मी समेत करीब डेढ़ दर्जन लोग जख्मी हो गये.
घायलों को गौर, गरूड़ा व चंद्रनिगाहपुर के अस्पतालों में भरती कराया गया है. पुलिस व राजपा समर्थकों के बीच हुई झड़प के दौरान जहां ग्रामीणों ने पुलिस पर रोड़ेबाजी की वहीं पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में 20 राउंड हवाई फायरिंग की. वहीं, दर्जनों राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े. रौतहट के एसपी यज्ञ विनोद पोखरेल ने बताया कि गुरुवार की रात महमदपुर में प्रोजेक्टर के माध्यम से डाक्यूमेंट्री फिल्म दिखाये जाने की सूचना मिली थी. उक्त डाक्यूमेंट्री फिल्म दिखाने से चुनावी आचार संहिता का उल्लंघन हो रहा था. फिल्म को रोकने के लिए गौर से पुलिस बल को भेजा गया. पुलिस बल को देखते ही ग्रामीणों ने उस पर रोड़ेबाजी शुरू कर दी. उग्र भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने 20 राउंड हवाई फायरिंग की. वहीं कई राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े गये. अब स्थिति नियंत्रण में है, पर तनाव बरकरार है. स्थिति पर नियंत्रण को लेकर इलाके के चौक- चौराहों पर सशस्त्र पुलिस बल को तैनात किया गया है.
ग्रामीणों के अनुसार मधेस आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा की गयी दमनात्मक कार्रवाई की डाक्यूमेंट्री फ़िल्म दिखाई जा रही थी. इसी बीच अचानक पहुंची पुलिस ने लोगों पर लाठी चार्ज शुरू कर दिया, जिसके बाद लोग उग्र हो गये. पुलिस द्वारा की गयी लाठी चार्ज में महमदपुर के प्रमोद दास, विनोद राय यादव, लक्ष्मी साह व सुखल राय समेत एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये. पुलिस जान बूझ कर राजपा के समर्थकों में भय कायम करने की कोशिश कर रही है.
इससे पूर्व भी सोमवार को पुलिस ने पिपरा राजबाड़ा गांव में पुलिस ने डाक्यूमेंट्री फिल्म दिखाने के दौरान प्रोजेक्टर व लैपटॉप समेत अन्य सामग्री जब्त कर आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया था. मालूम हो कि रौतहट जिले में सात दिसंबर को प्रतिनिधिसभा व प्रदेशसभा का चुनाव होना है. इसको लेकर पूरे मधेस में चुनाव आयोग द्वारा आचार संहिता लागू किया गया है.
सात दिसंबर को प्रतिनिधि सभा व प्रदेश सभा के चुनाव के मद्देनजर लागू है आचार संहिता
