भागने के क्रम में नानपुर प्रमुख पर बोला हमला, बाल-बाल बचे

पुलिस ने किया हमलावर को गिरफ्तार नानपुर (सीतामढ़ी) : नानपुर थाने के कोइली कन्या मध्य विद्यालय के पास मंगलवार की रात नानपुर प्रखंड प्रमुख सह जिला प्रमुख संघ के अध्यक्ष मुकेश कुमार लाल उर्फ मुकेश कुमार यादव पर बदमाशों ने कातिलाना हमला किया. बदमाशों ने प्रमुख पर फायरिंग की भी कोशिश की. इस दौरान प्रमुख […]

पुलिस ने किया हमलावर को गिरफ्तार
नानपुर (सीतामढ़ी) : नानपुर थाने के कोइली कन्या मध्य विद्यालय के पास मंगलवार की रात नानपुर प्रखंड प्रमुख सह जिला प्रमुख संघ के अध्यक्ष मुकेश कुमार लाल उर्फ मुकेश कुमार यादव पर बदमाशों ने कातिलाना हमला किया.
बदमाशों ने प्रमुख पर फायरिंग की भी कोशिश की. इस दौरान प्रमुख व बदमाशों के बीच भिड़ंत भी हुई. प्रमुख ने साहस दिखाते हुए बदमाश की लोडेड देसी पिस्टल छीन ली. प्रमुख के शोर मचाने पर आसपास के लोगों के पहुंचने के बाद एक बदमाश को ग्रामीणों ने खदेड़ कर पकड़ लिया. उसे नानपुर पुलिस के हवाले कर दिया. पकड़े गये बदमाश की पहचान मुजफ्फरपुर के कटरा थाने के लखनपुर गांव निवासी अवधेश कुमार के रूप में की गयी है.
प्रमुख पर हमले की खबर के बाद बुधवार को नानपुर समेत पूरे जिले में हड़कंप मचा रहा. पुलिस की टीम गिरफ्तार बदमाश से सच उगलवाने में लगी रही. हालांकि, पुलिसिया तहकीकात में मामला कुछ और निकला. देर शाम डीएसपी ने पूरे मामले का खुलासा किया.
बताया कि आरोपित ने गलतफहमी में प्रमुख पर हमले का प्रयास किया. डीएसपी पंकज कुमार ने बताया कि अवधेश कुमार की शादी दरभंगा के जाले थाने के राढी गांव में हुई है. उसकी पत्नी की बड़ी बहन की शादी मुजफ्फरपुर के औराई के बसतपुर निवासी मुकेश यादव से हुई है. वह मेदिनीपुर में दवा की दुकान चलाता है. गिरफ्तार अवधेश व मुकेश यादव रिश्ते में साढू हैं.
मुकेश यादव अपनी साली सह अवधेश की पत्नी को दरभंगा में इंटर जांच परीक्षा दिलाने ले गया था. परीक्षा के दौरान मुकेश यादव ने अवधेश की पत्नी को कोल्ड ड्रिंक बता कर बीयर पिला कर उसके साथ दुराचार किया था. अवधेश को पत्नी ने अपने जीजा की करतूत की जानकारी दी.
इसके बाद अवधेश ने मुकेश यादव को सबक सिखाने की ठानी. इसी क्रम में उसने देसी पिस्टल खरीदी. मंगलवार को अवधेश नानपुर थाने के मेदनीपुर स्थित साढू मुकेश यादव की दवा दुकान पर पहुंचा. साढू को मारने की नीयत से फायरिंग कर दी. इसमें मुकेश यादव बाल-बाल बच गया.
घटना के बाद अवधेश मेदनीपुर से भागने लगा. उसी रास्ते से नानपुर प्रमुख भी अपनी स्काॅर्पियो से गांव लौट रहे थे. अवधेश को लगा कि कोई हमारा पीछा कर रहा है. लिहाजा उसने कोइली स्थित कन्या मध्य विद्यालय के समीप प्रमुख को मारने का प्रयास किया. जिसे ग्रामीणों के सहयोग से प्रमुख ने पकड़ लिया. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >