सीतामढ़ी शहर के मेहसौल आजाद चौक की घटना, दो बदमाश भागने में कामयाब
सीतामढ़ी : शहर से सटे मेहसौल आजाद चौक स्थित एसबीआइ एटीएम में कार्ड बदल कर एक व्यक्ति के बैंक खाते से 19 हजार रुपये की निकासी कर भाग रहे तीन बदमाशों में से एक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया, वहीं उसकी धुनाई केर मेहसौल ओपी पुलिस के हवाले कर दिया. जिससे मेहसौल ओपी पुलिस पूछताछ कर रहीं है.
पकड़े गये बदमाश की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना के मधुबन निवासी धर्मनाथ सहनी के रूप में की गयी है. जबकि फरार होने वाले बदमाश की पहचान इसी गांव के संजय सह व रंजीत सहनी के रूप में की गयी है. बताया गया है कि बथनाहा थाना के कोइली निवासी मो इम्तियाज उक्त एटीएम में रुपयों की निकासी करने गया था.
जहां एटीएम में घुसे तीन बदमाशों ने झांसा देकर उसका एटीएम बदल लिया. वहीं उसके आंखों के सामने ही उसके खाते से 19 हजार रुपये की निकासी कर ली. मोबाइल पर मैसेज आते ही मो इम्तियाज को ठगी की जानकारी मिल गयी. वह बदमाशों को पकड़ने के लिए चिल्लाने लगा. इसी बीच मौके का फायदा उठा तीनों भागने लगे. इस दौरान ग्रामीणों ने खदेड़ कर धर्मनाथ सहनी को दबोच लिया. वहीं धुनाई के बाद मेहसौल ओपी पुलिस के हवाले कर दिया.
