सीतामढ़ी : जिले में एक ओर जहां छठ पर्व को लेकर इलाका आस्था व भक्ति में लीन रहा और गांव से शहर तक उत्साह का माहौल दिखा. वहीं, दूसरी ओर छठ घाटों ने जिले के आठ परिवारों की खुशियां निगल डाली. जिले में नदी घाटों पर डूबने से तीन मासूम, दो युवक व एक वृद्ध समेत छह की मौत हो गयी. वहीं करंट लगने से महिला व युवक समेत तीन की मौत हो गयी. हादसों के चलते महापर्व के उत्साह पर मातम का साया छा गया है.
छठ के उत्साह पर छाया मातम का साया
सीतामढ़ी : जिले में एक ओर जहां छठ पर्व को लेकर इलाका आस्था व भक्ति में लीन रहा और गांव से शहर तक उत्साह का माहौल दिखा. वहीं, दूसरी ओर छठ घाटों ने जिले के आठ परिवारों की खुशियां निगल डाली. जिले में नदी घाटों पर डूबने से तीन मासूम, दो युवक व एक वृद्ध […]

घाट बनाने के दौरान डूबा युवक: बैरगनिया. थाना क्षेत्र के हसीमा विलारदे गांव में छठ घाट बनाने के दौरान हसीमा निवासी शिवजी सिंह के 18 वर्षीय पुत्र राजन कुमार सिंह की लालबकेया नदी में डूब कर मौत के बाद परिजनों में हाहाकार मच गया है. राजन की मौत के बाद परिजन बदहवास है. बताया गया है कि वह हसीमा गांव के पास लालबकेया नदी में गुरुवार को छठ घाट बना रहा था.
मिट्टी डालने के दौरान पैर फिसल जाने के कारण वह नदी के गहरे पानी में बह गया. देर रात तक घर वापस नहीं लौटने के बाद परिजन उसकी तलाश में जुट गये. गुरुवार रात लोगों ने नदी में तलाश की. वहीं शुक्रवार को जिला मुख्यालय से पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने घंटों मशक्कत के बाद राजन का शव नदी से बाहर निकाला. सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष सुजीत कुमार ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को लेकर सदर अस्पताल भेज दिया. मृतक के पिता शिवजी सिंह के फर्द बयान पर थाने में यूडी केस दर्ज किया गया है. जवान बेटे की मौत के बाद शिवजी सिंह व उसकी बदहवास है.
हाथी की प्रतिमा विसर्जित करते समय डूबा रौशन : रीगा. रीगा थाना के भोरहा गांव निवासी सुरेश महतो का पुत्र रौशन कुमार शुक्रवार की तड़के सुबह हाथी की प्रतिमा के विसर्जन के दौरान पोखर में डूब गया. जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गयी. 16 वर्षीय रौशन के लिए उसके माता-पिता ने छठ व्रत के दौरान हाथी की मन्नत मांगी थी. इसी क्रम में वह शुक्रवार की तड़के सुबह हाथी विसर्जित करने करने गया था. जहां पांव फिसल जाने से वह गहरे पानी में डूब गया. जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी.
मृतक नवम वर्ग का छात्र था. सूचना के बाद मौके पर पहुंची रीगा पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करा परिजन को सौंप दिया है. बेटे की मौत के बाद सुरेश महतो के घर कोहराम मच गया है. मुखिया भिखारी साह ने मृतक के परिजन को कबीर अंत्येष्टि के तहत तीन हजार रुपये प्रदान किया है. वहीं पूर्व मुखिया व कांग्रेस पार्टी की अति पिछड़ा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष नन्हे अंसारी ने मृतक के परिजन को चार लाख रुपया मुआवजा देने की मांग बिहार सरकार से की है.
पांच बच्चे नदी में डूबे, तीन की मौत, दो की बच गयी जान : सुरसंड. सुरसंड में छठ महापर्व पर दो अलग-अलग स्थानों पर नदी में डूबने की हुई घटनाओं में पांच मासूम बह गये. इनमें दो को ग्रामीणों ने सकुशल निकाल लिया. लेकिन चचेरे भाई-बहन समेत तीन की मौत हो गयी. मृतकों में सुरसंड थाना के मैदान गांव में छठ घाट पर पैर फिसल जाने से ललन साह की पुत्री अंशु कुमारी (7) व जगदीश साह के पुत्र हिमांशु कुमार (10) तथा पठनपुरा पंचायत के सहनियापट्टी वार्ड 3 निवासी कमलेश ठाकुर के पुत्र नंदन कुमार (8) शामिल है. शुक्रवार की सुबह कंसारा गांव स्थित छठ घाट पोखर में तीन बच्चे डूब गये.
इनमें दो बच्चों को निकाल लिया गया. वहीं पठनपुरा पंचायत के सहनियापट्टी वार्ड 3 निवासी कमलेश ठाकुर के पुत्र नंदन कुमार (8 वर्ष) की डूब कर मौत हो गयी. सूर्योदय होते ही सभी लोग भगवान भाष्कर को अर्घ्य देने में व्यस्त हो गए. इसी बीच तीन बच्चे एक साथ लुढ़क कर गहरे पानी में चला गये थे.
छठ घाट पर मौजूद लोगों द्वारा दो बच्चे को तो किसी तरह जीवित निकाल लिया गया, लेकिन नंदन की जान नहीं बच सकी. नंदन की मौत के बाद छठ घाट पर चीख-पुकार मच गया. मृतक तीन भाई बहन में बीच का था. पंचायत के मुखिया अनिता देवी ने मृतक के परिजन को कबीर अंत्येष्टि के तहत तत्काल तीन हजार रुपये दिया है. पुलिस ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए सीतामढ़ी भेज दिया है. उधर, छठ पूजा के दौरान मैदान गांव स्थित पोखर में मैदान गांव निवासी राजेंद्र साह के पुत्र हिमांशु कुमार (10 वर्ष ) व ललन साह की पुत्री अंशु कुमारी (7वर्ष ) की डूब कर मौत हो गयी. दोनों चचेरे भाई बहन थे. शुक्रवार को एक ही परिवार से दो बच्चों की अरथी निकलने के बाद गांव गमगीन दिखा.
11 हजार वोल्ट िबजली के तार के संपर्क में आया युवक : डुमरा. डुमरा थाना क्षेत्र के परसपट्टी गांव में गुरुवार की शाम छठ घाट सजाने के लिए जा रहे एक युवक की मौत करंट से हो गयी. मृतक की पहचान स्थानीय रामसिहासन महतो के पुत्र नीतीश कुमार (10 वर्ष ) के रूप में की गयी है. बताया गया है कि नीतीश कुमार छठ घाट सजाने के लिए बांस के कमची लेकर जा रहा था. इसी बीच पास से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट विद्युत प्रवाहित तार में बांस सट गया. जिसके चलते उसकी मौत घटना स्थल पर ही हो गयी. नीतीश की मौत से परिजनों में मचा कोहराम मचा गया है. डुमरा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया की पोस्टमार्टम करा शव को परिजन को सौंप दिया गया है.
रून्नीसैदपुर. थाना क्षेत्र में छठ पर्व के अवसर पर हुए दो अलग-अलग हादसों में महिला व वृद्ध समेत दो की मौत हो गयी. थुम्मा गांव में छठ पूजा के दौरान पोखर में अर्घ देने के दौरान गांव के ही योगी साह के पुत्र ब्रह्मदेव साह की महारानी स्थान के समीप स्थित गंगा सागर पोखर में डूब कर मौत हो गयी. स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों के सहयोग से मृतक के शव को पानी से बाहर निकाला जा सका. पंचायत के मुखिया पिंकी देवी ने इसकी पुष्टि की है.
पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजन को सौंप दिया है. उधर, गुरुवार की शाम सुगरीडीह गांव स्थित छठ घाट पर करंट लगने से शंभु प्रसाद यादव की पत्नी सुनीता देवी (42 वर्ष) की मौत हो गयी. दोनों की हुई मौत के बाद इलाके में जश्न का माहौल मातम में तब्दील हो गया है.