छठ महापर्व. जिला प्रशासन ने की तैयारी
सीतामढ़ी : पांच दिवसीय दिपावली के सफल समापन के बाद नगर परिषद प्रशासन अब छठ महापर्व को सफल बनाने की तैयारियों में जुट गया है.
शनिवार को नगर अभियंता आलोक कुमार जेसीबी व ट्रैक्टर के साथ लखनदेई नदी किनारे छठ घाट निर्माण व घाटों की सफाई कार्य में जुटे दिखे. लखनदेई पुल के दोनों किनारे जेसीबी मशीन से घाटों का निर्माण कार्य एवं साफ-सफाई का काम तेजी से शुरू किया गया है. इस काम में सफाई निरीक्षक बिंदेश्वर राउत के नेतृत्व में दर्जनों सफाई कर्मी व मजदूर लगाये गये हैं. नगर अभियंता ने बताया कि घाट निर्माण के अलावा पूरे शहर की सफाई की जा रही है.
वहीं, जर्जर सड़कों की ईंट के टुकड़े व राबिस डालकर मरम्मत की जा रही है, ताकि व्रतियों व दर्शनार्थियों को छठ घाटों पर आवागमन करने में किसी तरह की परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े. बताया कि व्रतियों व दर्शनार्थियों के आवागमन को लेकर सभी आवश्यक स्थानों पर पर्याप्त रोशनियों की व्यवस्था की जा रही है. इसके अलावा नदी में चूना व ब्लीचिंग पाउडर डालकर पानी की सफाई की जानी है.
हालांकि, करीब दो माह पूर्व आयी बाढ़ के चलते नदी का पानी काफी साफ है, इसलिए इस बार लखनदेई नदी घाट पर अन्य वर्षों की अपेक्षा अधिक व्रतियों द्वारा छठ पूजा करने की उम्मीद जतायी जा रही है. लखनदेई के अलावा माई पोखर, कोआही पोखर व जानकी स्थान पोखर समेत विभिन्न छठ घाटों पर महिलाओं के कपड़े बदलने के लिए अस्थायी व्यवस्था की जा रही है.
छठ घाटों पर नगर परिषद द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध पेयजल की व्यवस्था करने के साथ ही मेहसौल चौक व महंत साह चौक पर यातायात पोस्ट का निर्माण कर वहां एलइडी लाइट के माध्यम से पर्याप्त रौशनी की व्यवस्था की जा रही है.
