सीतामढ़ी : इलाके में फैलते अफवाह पर नकेल के लिए प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया पर लगाए गए प्रतिबंध बुधवार की रात एक बजे हटा लिया गया गया. गुरुवार को इलाके में इंटरनेट सेवाएं पूर्व की तरह काम करने लगी. बताते चले की नवरात्र व मुहर्रम के चलते उत्पन्न विवाद के बाद इलाके में अफवाहों ने रफ्तार पकड़ी थी.
इसमें व्हाट्सएप्प की भूमिका सर्वाधिक रहीं. लिहाजा प्रशासन ने एहतियात के तौर पर रविवार की रात नौ बजे सोशल मीडिया पर रोक लगा दी थी. इसके तहत मोबाइल डाटा सेवा पर रोक लगा दिया गया था. मंगलवार की सुबह साढ़े नौ बजे मोबाइल डाटा सेवा को चालू किया गया. लेकिन बैरगनिया में लोगों के विरोध प्रदर्शन के बाद इलाके में एक बार फिर अफवाहों ने रफ्तार पकड़ी. लिहाजा मंगलवार को एक बजे दिन से एक बार फिर मोबाइल डाटा सेवा पर रोक लगा दिया गया. यह रोक बुधवार की रात एक बजे तक लगी रहीं.
