नेपाल फ्लैश फ्लड में फंसे 106 तीर्थयात्री सुरक्षित पटना रवाना, रक्षाबंधन पर महिलाओं ने अधिकारियों को बांधी राखी

नेपाल में आई विनाशकारी फ्लैश फ्लड में फंसे 106 नागपुर तीर्थयात्रियों को सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने सफलतापूर्वक बचा लिया है. मुश्किलों से भरे इस अनुभव के बाद, रक्षाबंधन के दिन तीर्थयात्रियों ने बचाव दल का आभार व्यक्त करते हुए उनकी कलाई पर राखी बांधी.

Sitamarhi News: नेपाल में आई फ्लैश फ्लड के कारण फंसे नागपुर (महाराष्ट्र) के 106 तीर्थयात्रियों को सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने शुक्रवार रात सुरक्षित पटना के लिए रवाना कर दिया. प्रशासन की टीम ने भारत-नेपाल सीमा स्थित भिट्ठामोड़ से सभी तीर्थयात्रियों को रिसीव कर भिट्ठामोड़ थाना परिसर पहुंचाया. यहां यात्रियों के लिए भोजन, पेयजल और जरूरत के अनुसार चिकित्सा व्यवस्था की गई. प्रशासन की मदद से सुरक्षित होने का भरोसा मिलने के बाद कई महिला तीर्थयात्री भावुक हो गईं.

रक्षाबंधन पर महिलाओं ने अधिकारियों की कलाई पर बांधी राखी

भिट्ठामोड़ थाना परिसर में जिला आपदा प्रबंधन पदाधिकारी बृज किशोर पांडेय ने तीर्थयात्रियों से कहा कि अब सभी सुरक्षित हैं और जल्द ही अपने घर सकुशल लौटेंगे. यह सुनकर कई महिलाएं भावुक हो गईं.

महिलाओं ने तत्काल राखी निकालकर जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृज किशोर पांडेय, पुपरी एसडीओ गौरव कुमार और थानाध्यक्ष दीपक पटेल की कलाई पर राखी बांधी. महिलाओं ने प्रशासन की तत्परता के प्रति आभार जताया.

'मुश्किल घड़ी में हमें अपने भाई मिल गए'

तीर्थयात्रियों में शामिल महिलाओं ने कहा कि रक्षाबंधन के दिन मुश्किल परिस्थिति में प्रशासन ने जिस तरह उनकी मदद की, वह उनके लिए भावुक क्षण था. महिलाओं ने अधिकारियों की तत्परता और बिहार सरकार के सहयोग की सराहना की.

राखी बांधने के दौरान थाना परिसर में मौजूद प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी और अन्य लोग भी भावुक नजर आए.

मुक्तिनाथ से लौटते समय फ्लैश फ्लड में फंसे थे तीर्थयात्री

बताया गया कि नागपुर से 106 तीर्थयात्रियों का दल नेपाल भ्रमण के लिए गया था. मुक्तिनाथ से लौटने के दौरान नेपाल में आई फ्लैश फ्लड के कारण उनका रास्ता बाधित हो गया और वे वहां फंस गए.

परेशानी बढ़ने पर तीर्थयात्रियों ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय से संपर्क कर अपनी स्थिति की जानकारी दी. इसके बाद महाराष्ट्र मुख्यमंत्री कार्यालय ने बिहार मुख्यमंत्री कार्यालय से संपर्क कर यात्रियों को सुरक्षित निकालने में सहयोग मांगा.

सीमा पर पहुंची प्रशासन की टीम, सुरक्षित निकाले गए यात्री

मामले की जानकारी मिलने के बाद बिहार सरकार और सीतामढ़ी जिला प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया. प्रशासन की टीम भारत-नेपाल सीमा स्थित भिट्ठामोड़ पहुंची और वहां फंसे सभी 106 तीर्थयात्रियों को सुरक्षित रिसीव किया.

इसके बाद यात्रियों को भिट्ठामोड़ थाना परिसर लाया गया, जहां भोजन, पेयजल और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई.

पटना के लिए रवाना हुए सभी तीर्थयात्री

आवश्यक व्यवस्था के बाद जिला प्रशासन ने सभी 106 तीर्थयात्रियों को शुक्रवार रात पटना के लिए रवाना कर दिया. प्रशासन के अनुसार यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए आवश्यक समन्वय किया गया.

तीर्थयात्रियों ने सुरक्षित निकाले जाने के बाद बिहार सरकार और सीतामढ़ी जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया.

यह भी पढ़ें: तस्करों की चालाकी धरी रह गई, पुलिस से बचने के लिए फेंका बोरा तो खुल गया पूरा राज


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Raushan kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >