Shrawani Mela 2023: चार जुलाई से शुरू होने वाले श्रावणी मेला के लिए बिहार राज्य पथ परिवहन निगम (BSRTC) की ओर से भागलपुर और सुलतानगंज से बाबा नगरी देवघर के लिए पांच बसों का परिचालन किया जाएगा. इसको लेकर निगम की ओर से तैयारी कर ली गयी है. साथ ही रूट और भाड़ा भी तय कर दिये गये हैं.
24 घंटे होगा बसों का परिचालन
भागलपुर और सुलतानगंज से देवघर के लिए बसों का परिचालन 24 घंटे होगा. इसके लिए कोई तय टाइम टेबल नहीं होगा. बस सुबह छह बजे से चलने लगेंगी. पांच बस में से दो बस भागलपुर व तीन बसों का परिचालन सुलतानगंज से किया जायेगा. चार जुलाई से पहले तीन बसों का परिचालन शुरू कर दिया जायेगा. उसके बाद दो और बसें चलायी जायेंगी. मेला परमिट पर बसों का परिचालन किया जायेगा.
कितना होगा किराया
परिवहन निगम की इन बसों के लिए भागलपुर से देवघर का किराया 186 रुपये, जबकि सुलतानगंज से देवघर का किराया 157 रुपये तय किया गया है. बस सुबह छह बजे भागलपुर पथ परिवहन निगम के परिसर से खुलेंगी. बस भागलपुर से सुलतानगंज, असरगंज, तारापुर, संग्रामपुर, कटोरिया, चानन होते हुए देवघर जायेगी. सुलतानगंज से देवघर जाने वाली बसों का भी यही रूट होगा.
क्या कहते हैं अधिकारी
पथ परिवहन निगम के भागलपुर के क्षेत्रीय प्रबंधक पवन कुमार शांडिल्य ने बताया कि श्रावणी मेला के लिए पथ परिवहन निगम की ओर से भागलपुर और सुलतानगंज से देवघर के लिए बसें चलायी जायेंगी. निगम की ओर से तैयारी पूरी कर ली गयी है. निगम की ओर से इसके लिए रूट और भाड़ा भी तय कर दिया गया है. पांच बसों का परिचालन किया जायेगा. पहली बस सुबह छह बजे से खुलेगी.
Also Read: गया में पितृपक्ष मेला महासंगम 2023 की तैयारी शुरू, इस दिन होगी मेले की शुरुआत, जानें क्या होगा खास
चार जुलाई से सावन
बता दें कि इस वर्ष सावन के शुभ महीने की शुरुआत चार जुलाई से हो रही है. पहली साेमवारी 10 जुलाई को है. तो वहीं सावन की समाप्ति 31 अगस्त को होगी. इस साल सावन में दुर्लभ मणिकांचन योग भी लग रहा है. जिसे शुभकारी बताया जा रहा है.
