पहल. चूना व ब्लीचिंग से होगी छठ घाटों की सफाई
छठ पूजा को लेकर नगर परिषद् ने 11 घाटों की सफाई के लिए झोंकी ताकत
शेखपुरा : आस्था का महापर्व छठ व्रत को लेकर नगर परिषद् ने अपने क्षेत्र के सभी 11 घाटों की सफाई को लेकर कमर कस ली है. तैयारी में कोई कोर कसर ना रह जाय इसके लिए सोमवार को नगर परिषद् में सशक्त कमेटी की बैठक बुलायी गयी. नगर सभापति पिंकी देवी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक के दौरान कार्यपालक पदाधिकारी सुनील कुमार, सिटी मैनेजर अवधेश प्रसाद सिंह, सदस्य नगर उपाध्यक्ष अजय कुमार मंटू, मो. आलमगीर, अंजना देवी समेत अन्य लोग मौजूद थे.
बैठक में शामिल लोक लेखा समिति के अध्यक्ष व समिति सदस्य गंगा कुमार यादव ने बताया कि छठ घाटों की सफाई के लिए 40 कर्मियों को लगाया है. इसके साथ ही अरघौती पोखर एवं रतोइया छठ घाट पर पानी के अंदर भी बैरिकेटिंग कराया जायेगा. बैठक में छठ घाटों पर श्रद्धालुओं के भीड़ को देखते हुए रोशनी, पेयजल, गोताखोर के साथ-साथ बड़े वाहनों पर रोक के लिए अहम निर्णय लिया गया.
इसके साथ ही जिला मुख्यालय के दोनों छठ घाटों पर विशेष चौकसी के साथ सफाई एवं पहुंच पथ को व्यवस्थित करने के लिए खुद कार्यपालक अधिकारी एवं सभापति के द्वारा प्रतिदिन घाटों का निरीक्षण और मॉनिटरिंग किया जा रहा है. बैठक की जानकारी देते हुए कहा कि नगर परिषद् के सफाई कर्मी से लेकर चतुर्थवर्गी कर्मियों को दो सेट ड्रेस, दस्ताना, जूता उपलब्ध कराया जायेगा. बैठक के मौके पर अन्य कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गयी.
