शराबबंदी सुनिश्चित करने के लिए लोगों को जोड़ें डेयरी व जीविका से
कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गयी
शेखपुरा : जिला के प्रभारी मंत्री ग्रामीण विकास पर संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार ने शराबबंदी को लेकर अधिक से अधिक लोगों को डेयरी उद्योग तथा जीविका से जोड़ने पर बल दिया है. खास कर शराब के धंधे में शराबबंदी से पहले लोगों को स्वरोजगार उपलब्ध करावें. जिला प्रशासन मंत्री बुधवार को जिला बीस सूत्री की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे. बैठक में शेखपुरा विधायक रणधीर कुमार सोनी, जिला परिषद् अध्यक्षा निर्मला कुमारी सहित बीस सूत्री के सदस्य डॉ. अर्जुन प्रसाद, ललन प्रसाद, शंभु प्रसाद सिंह, श्रवण सिंह के साथ-साथ जिलाधिकारी सहित जिला प्रशासन के सभी अधिकारी मौजूद थे.
बैठक में सरकार द्वारा चलायी जाने वाली सभी विकास योजनाओं तथा कल्याणकारी योजनाओं की बारी-बारी समीक्षा की गयी. जिला सूचना व जनसंपर्क पदाधिकारी योगेंद्र कुमार लाल ने बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, गव्य विकास, जीविका, ग्रामीण विकास, सड़क निर्माण, सिंचाई, शताब्दी नलकूप आदि की समीक्षा की गयी. मत्स्य तथा गव्य विकास विभाग द्वारा जिले में कम राजस्व उगाही पर गहरी नाराजगी प्रकट की तथा जिलाधिकारी को समय-समय पर समीक्षा करने को कहा. जिला में चलाये जा रहे निजी शताब्दली नलकूल योजना के तहत आवेदन की धीमी प्रगति से निष्पादन पर भी मंत्री ने गहरा असंतोष व्यक्त किया.
कौडि़हारी तथा नाटी नदी के नजर से जिले वासियों को अधिक फायदा के लिए मंत्री ने नवादा, नालंदा तथा यहां के जिलाधिकारी को मिल कर एक बैठक आयोजित करने को कहा गया. बैठक में धान के आच्छादन के 85 प्रतिशत रोपनी पर मंत्री ने जिला कृषि पदाधिकारी को क्षेत्र में भ्रमण कर असली प्रतिशत पता लगाने का टास्क दिया. शेखपुरा. जिला मंत्री श्रवण कुमार ने सरकार के विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों को प्रदान किया. मंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने इस संबंध में शिविर का आयोजन किया था. कल्याणकारी योजनाओं के तहत सामाजिक सुरक्षा,
श्रमिक कल्याण, बाल संरक्षण, आदि से जुड़े लाभुकों को राशि प्रदान की गयी तथा इस अवसर पर उन लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार वंचितों, दबे-कुचलों आदि के उत्थान के लिए कृत संकल्पित है. जिला सूचना व जनसंपर्क पदाधिकारी योगेंद्र कुमार लाल ने बताया कि ठनका तथा बिजली के स्पर्शाघात से प्राण त्यागने वाले अरियरी के चांदी गांव निवासी संदीप कुमार तथा शेखपुरा प्रखंड के चाड़े गांव निवासी उपेंद्र सिंह की विधवा क्रमश:
ललिता देवी और सुंदरी देवी को चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि प्राप्त की. इसके अलावा जिले के 148 निबंधित कामगारों को अपने रोजगार बढ़ाने तथा साइकिल खरीद का कार्य स्थल पर जाने के लिए 15-15 हजार रुपये की राशि दी. मंत्री ने जिले के 07 दिव्यांग को ट्रायसाइकिल भी प्रदान की. इसी प्रकार कम उम्र में यतीम हो जाने वाले 40 बालकों को प्रति माह एक-एक हजार रुपया देने की शुरुआत की.
परवरिश योजना के तहत यह राशि इन बच्चों को 18 वर्ष आयु पूरी होने तक दिया जायेगा. मंत्री ने जिले के चार मुक्त कराये बंधुआ मजदूर को पुनर्वास के लिए प्रत्येक को 12-12 हजार रुपया दिया गया. इन मुक्त हुए बंधुआ मजदूरों को केंद्रीय अंश के रूप में 10 हजार रुपया और मिलेगा. इस शिविर को संबोधित करते हुए मंत्री ने मीडिया सहित अन्य लोगों से ऐसे दबे-कुचले की स्थिति को सरकार तथा प्रशासन की नजर में लाने की अपील की ताकि इन्हें भी सरकार की योजना का लाभ मिल सके.
समीक्षा करते संसदीय कार्य मंत्री श्रवण कुमार.
