अवैध वसूली में भिड़े पुलिसकर्मी एसपी ने दिया जांच का आदेश

ट्रैफिक पुलिस पदाधिकारी ने एसपी से की शिकायत नगर थाने की गश्ती दल पर मारपीट करने का आराेप शेखपुरा : जिला पुलिस द्वारा मालवाहक वाहनों से अवैध वसूली का मामला सामने आया है. वसूली में बाधक पुलिसकर्मी से मारपीट किये जाने के बाद मामले का खुलासा हुआ है. एसपी राजेंद्र कुमार भील ने इस मामले […]

ट्रैफिक पुलिस पदाधिकारी ने एसपी से की शिकायत

नगर थाने की गश्ती दल पर मारपीट करने का आराेप
शेखपुरा : जिला पुलिस द्वारा मालवाहक वाहनों से अवैध वसूली का मामला सामने आया है. वसूली में बाधक पुलिसकर्मी से मारपीट किये जाने के बाद मामले का खुलासा हुआ है. एसपी राजेंद्र कुमार भील ने इस मामले में जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीएसपी राजकिशोर सिंह को अधिकृत किया है. पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय में तैनात ट्रैफिक पुलिस पदाधिकारी भरत शाह की नगर थाने की गश्ती दल ने जमकर धुनाई कर दी. भरत शाह ने एसपी को ज्ञापन देकर मारपीट करने वाले पर कार्रवाई की मांग की है.
मारपीट करने वालों में पुलिस पदाधिकारी के साथ-साथ जवान भी शामिल थे. उसने एसपी को बताया कि ट्रैफिक ड्यूटी में संध्या में नगर क्षेत्र के बाहरी पीर मुहानी बजरंगबली मंदिर के पास तैनात थे तभी नगर थाने के गश्ती दल ने बरबीघा की ओर से मवेशी लेकर आ रहे वाहन से वसूली शुरू कर दी. ट्रैफिक प्रभारी भरत शाह ने इसका विरोध किया जिसका खामियाजा उसे मारपीट के रूप में भुगतना पड़ा. भरत शाह को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भरती कराया गया. इस शिकायत पर एसपी ने ट्रैफिक प्रभारी भरत शाह को लाइन हाजिर कर दिया. मामले में जांच का काम लगभग पूरा हो गया है. शीघ्र ही जांच रिपोर्ट एसपी को सौंप दी जायेगी. इस मामले में दोनों पक्षों का बयान कलमबद्ध किया गया है.
वसूली की जड़ बहुत गहरी :
जिले में पुलिस द्वारा मालवाहक वाहनों से वसूली बहुत पुराना बात है. पहले भी इस मामले में पुलिस पर आरोप लगते रहे हैं. परंतु अवैध वसूली के नाम पर ट्रैफिक और गश्ती पुलिस के आमने-सामने आ जाने से इस मामले ने तूल पकड़ लिया है. मालवाहक वाहन तथा ओवरलोडेड वाहनों के साथ-साथ मवेशी ढोने वाले वाहन और दूसरे जिलाें तथा प्रांत से आने वाले वाहनों के साथ भी इस तरह के मामले आये दिन आते-जाते रहते हैं. इस मामले के सामने आने के बाद अब पुलिस जांच का दायरा बढ़ाना पड़ सकता है. यह भी पता लगाना होगा कि जांच की राशि वसूली करने वाला ही रखता था या उसका बंटवारा किया जाता था.
ट्रैफिक व्यवस्था भी चरमरायी :
ट्रैफिक व्यवस्था में तैनात किये गये प्रभारी भरत शाह को लाइन हाजिर कर देने के कारण जिला मुख्यालय की ट्रैफिक व्यवस्था भी चरमरा गयी है. जिला मुख्यालय के भीड़-भाड़ वाले इलाके में होमगार्ड जवान को तैनात कर यह व्यवस्था जैसे-तैसे चालू रखी जा रही है. इस मामले में एसपी राजेंद्र कुमार भील ने बताया कि पिछले दिनों चुनाव कार्य को लेकर ट्रैफिक प्रभारी को वापस किया गया था. अभी जिला मुख्यालय के सभी नुक्कड़ पर होमगार्ड के जवान ट्रैफिक व्यवस्था संभाल रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >