शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट
Shivhar SP Meeting: पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने सोमवार को अपना पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में पहल करते हुए महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की.समीक्षा बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले की विधि-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करना, लंबित मामलों की प्रगति का आकलन करना तथा आगामी मुहर्रम पर्व को लेकर सुरक्षा एवं प्रशासनिक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करना था.बैठक के दौरान नये पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित सभी पुलिस निरीक्षकों एवं थानाध्यक्षों से अपने-अपने क्षेत्रों की विधि-व्यवस्था संबंधी जानकारी प्राप्त की.
अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई के निर्देश
एसपी ने लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, वारंटों के तामिला, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है.सभी अधिकारी पूरी तत्परता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें.उन्होंने जनता के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने, जन शिकायतों का त्वरित निपटारा करने तथा पुलिसिंग को और अधिक जनोन्मुखी बनाने पर बल दिया.
मुहर्रम को लेकर कड़े सुरक्षा इंतजाम
आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए एसपी शैलेन्द्र सिंह ने संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने, जुलूस मार्गों का भौतिक सत्यापन करने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया.उन्होंने कहा कि पर्व-त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी.
लापरवाही बर्दाश्त नहीं: एसपी
एसपी ने सभी पदाधिकारियों को आवश्यक तैयारी एवं पूरी गंभीरता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन तथा पर्व-त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.बैठक में आगामी दिनों की सुरक्षा रणनीति एवं पुलिस की कार्ययोजना पर भी विस्तार से चर्चा करते हुए विचार-विमर्श किया गया.मौके पर शिवहर के डीएसपी मुख्यालय सुशील कुमार, एसडीपीओ अनुशील कुमार, नगर थानाध्यक्ष रणधीर कुमार सिंह सहित सभी थानाध्यक्ष व पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे.
