शिवहर के तरियानी से मधुरेंद्र कुमारकी रिपोर्ट
Sheohar News: जिले के तरियानी थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है. बिहार में पूर्ण शराबबंदी कानून को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए पुलिस अधीक्षक शुभांग मिश्रा के निर्देश पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में तरियानी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 30 लीटर देसी शराब बरामद की है और मौके से दो कथित धंधेबाजों को दबोच लिया है.
वृंदावन मुसहरी में गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह तरियानी थानाध्यक्ष विनय प्रसाद को गुप्त सूचना मिली कि थाना क्षेत्र के वृंदावन मुसहरी इलाके में बड़े पैमाने पर अवैध रूप से देसी शराब का निर्माण और कारोबार किया जा रहा है. सूचना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए उक्त ठिकाने पर अचानक छापेमारी कर दी.
30 लीटर शराब जब्त, अजीत और लाल बाबू गिरफ्तार
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के दौरान मौके से 30 लीटर अवैध देसी महुआ शराब बरामद की गई. इसके साथ ही पुलिस ने धंधे में संलिप्त दो आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान वृंदावन मुसहरी निवासी किशोर सहनी के पुत्र अजीत कुमार और स्वर्गीय नथनी सहनी के पुत्र लाल बाबू सहनी के रूप में की गई है.
आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज, भेजे जा रहे न्यायिक हिरासत में
थानाध्यक्ष विनय प्रसाद ने बताया कि बरामद शराब को तत्काल जब्त कर लिया गया है. दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि क्षेत्र में शराब के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस धंधे में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है. इस कार्रवाई से स्थानीय शराब माफियाओं के बीच हड़कंप मच गया है.
