Sheohar News: सरोजा सीताराम सदर अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंगलवार को नए रजिस्ट्रेशन काउंटर की शुरुआत की गई. सिविल सर्जन डॉ. दीपक कुमार ने फीता काटकर इसका उद्घाटन किया. अस्पताल प्रशासन का कहना है कि नए काउंटर के शुरू होने से पर्ची बनवाने की प्रक्रिया पहले से आसान और व्यवस्थित होगी.
पुराने काउंटर पर होती थी परेशानी
अब तक अस्पताल के अंदर कम जगह में रजिस्ट्रेशन काउंटर संचालित हो रहा था. वहां अक्सर भीड़ लग जाती थी, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था. खासकर बुजुर्ग, महिलाएं और दिव्यांग मरीजों को लाइन में खड़े होने में परेशानी होती थी.
खुले और हवादार स्थान पर बना नया काउंटर
सिविल सर्जन डॉ. दीपक कुमार ने बताया कि नया रजिस्ट्रेशन काउंटर खुले और हवादार स्थान पर बनाया गया है, ताकि लोगों को आरामदायक माहौल मिल सके. उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीजों की सुविधा सबसे बड़ी प्राथमिकता है और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है.
स्वास्थ्यकर्मी भी रहे मौजूद
नए काउंटर के उद्घाटन के मौके पर अस्पताल के चिकित्सक, एएनएम, जीएनएम और अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे. सभी ने उम्मीद जताई कि इससे मरीजों को बेहतर सुविधा मिलेगी और अस्पताल परिसर में व्यवस्था भी सुधरेगी.
