Sheohar News: शिवहर शहर और इसके आसपास के इलाकों में पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की भारी किल्लत हो गई है. ईंधन की कमी के कारण जिले में हाहाकार मचा हुआ है. शहर के प्रमुख पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही बाइक, चार पहिया वाहनों और ऑटो की लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं. ईंधन नहीं मिलने के कारण कई लोग मायूस होकर घर लौट रहे हैं, वहीं दर्जनों लोग इस उम्मीद में पंप पर ही डटे हैं कि शायद तेल की आपूर्ति बहाल हो जाए.
दो-तीन दिनों से इंतजार कर रहे चालक
ईंधन संकट का सबसे बुरा असर परिवहन सेवाओं पर पड़ा है. सीएनजी ऑटो चालकों ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि वे पिछले दो से तीन दिनों से गैस के लिए कतार में खड़े हैं. काम-काज ठप होने से उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है. वहीं, बाइक सवारों का कहना है कि वे शहर के एक पंप से दूसरे पंप का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें निराशा ही हाथ लग रही है.
बिजली की आंख-मिचौनी ने बढ़ाई मुसीबत
पेट्रोल पंप के नोजल मैन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि पेट्रोल की जो खेप आई थी, वह समाप्त हो गई है. फिलहाल सीएनजी गैस उपलब्ध है और ऑटो चालकों को बारी-बारी से गैस दी जा रही है. हालांकि, उन्होंने एक नई समस्या की ओर इशारा करते हुए कहा कि बारिश के कारण विद्युत विभाग द्वारा बार-बार बिजली काटी जा रही है. बिजली नहीं रहने के कारण मशीनों से गैस भरने में देरी हो रही है, जिससे समस्या और गंभीर हो गई है.
पेट्रोल किल्लत पर एसडीएम का निरीक्षण
शिवहर: जिले में पेट्रोल-डीजल की किल्लत को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है. डीएम प्रतिभा रानी के निर्देश पर एडीएम अविनाश कुणाल ने शनिवार को शहर के विभिन्न पेट्रोल पंपों का निरीक्षण किया. उन्होंने पंप संचालकों से स्टॉक की जानकारी ली, जिसमें सामने आया कि शुक्रवार को आया पेट्रोल कुछ ही घंटों में खत्म हो गया. एडीएम ने कहा कि किल्लत अस्थायी है, डिपो बंद रहने और मजदूर दिवस के कारण आपूर्ति प्रभावित हुई. जल्द ही स्थिति सामान्य होगी. फिलहाल अधिकांश पंपों पर पेट्रोल-डीजल नहीं होने से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है.
जनजीवन प्रभावित, प्रशासन से उम्मीद
शहर में इस ईंधन किल्लत के कारण दैनिक यात्रियों और स्कूली बच्चों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है. लोग पेट्रोल-डीजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं ताकि जिले की रफ्तार फिर से लौट सके.
शिवहर से मनीष नंदन की रिपोर्ट
