शिवहर: ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में 20 मई को शिवहर की सभी दवा दुकानें बंद

शिवहर में ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में 20 मई को जिले की सभी छोटी-बड़ी दवा दुकानें बंद रहेंगी. दवा व्यवसायियों ने ई-फार्मेसी पर रोक लगाने की मांग की है. पढ़ें पूरी खबर...

Sheohar News: शिवहर में ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में 20 मई को जिले की सभी छोटी और बड़ी दवा दुकानें बंद रहेंगी. यह निर्णय जिला केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन की बैठक में लिया गया.

ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ आंदोलन

जिलाध्यक्ष रामचंद्र प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय संगठन मुंबई के आह्वान पर 19 मई की मध्य रात्रि 12 बजे से 20 मई की रात 12 बजे तक राष्ट्रीय स्तर पर दवा दुकानों की बंदी की जाएगी.

बिहार केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने भी इस बंद का समर्थन किया है.

छोटे दुकानदारों पर संकट का आरोप

संघ के जिलाध्यक्ष ने कहा कि संगठन हमेशा उपभोक्ताओं को उचित मूल्य पर सही दवा उपलब्ध कराने के पक्ष में रहा है. उन्होंने आरोप लगाया कि ई-फार्मेसी और ऑनलाइन दवा बिक्री के कारण छोटे दुकानदारों की आजीविका प्रभावित हो रही है.

जिला उपाध्यक्ष गुड्डू कुमार ने कहा कि बिना उचित नियंत्रण के ऑनलाइन दवा बिक्री से मरीजों और फार्मासिस्ट के बीच संवाद खत्म हो रहा है. साथ ही नकली और गलत तरीके से स्टोर की गई दवाओं का खतरा भी बढ़ गया है.

अवैध ई-फार्मेसी बंद करने की मांग

कोषाध्यक्ष अनंत कुमार गुप्ता उर्फ आनंदजी ने कहा कि बड़े कॉरपोरेट संस्थान भारी डिस्काउंट देकर बाजार में असंतुलन पैदा कर रहे हैं. इसका सबसे ज्यादा असर ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे दवा दुकानदारों पर पड़ रहा है.

संघ ने केंद्र सरकार से प्रेडेटरी प्राइसिंग की जांच कराने, अवैध ई-फार्मेसी पर रोक लगाने और दवा व्यवसायियों की सप्लाई चेन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.

बैठक में जिला सचिव मणी रंजन कुमार, उप सचिव जयशंकर कुमार, मोहम्मद नसीम, देवदत्त आर्य, सैखूल इस्लाम, नवल किशोर चौधरी समेत कई दवा व्यवसायी मौजूद थे.

शिवहर से मनीष नंदन सिंह की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sarfaraz Ahmad

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >