Sheohar News: राजकीय पॉलिटेक्निक में सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम, रंगोली के जरिए दिया सामाजिक संदेश

शिवहर के राजकीय पॉलिटेक्निक में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत छात्र-छात्राओं के लिए निबंध लेखन और रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक सेवा और रचनात्मकता की भावना को बढ़ावा देना था.

शिवहर: पिपराही प्रखंड क्षेत्र के परिहारा स्थित हरिकिशोर सिंह राजकीय पॉलिटेक्निक, शिवहर के प्रांगण में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के लिए निबंध लेखन एवं रंगोली प्रतियोगिता का भव्य व उत्साहपूर्ण आयोजन किया गया. इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में सामाजिक सेवा की भावना जागृत करना, रचनात्मकता को विस्तार देना, सामाजिक जागरूकता फैलाना तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति युवाओं को उनकी जिम्मेदारियों का अहसास कराना था. दोनों ही प्रतियोगिताओं में संस्थान के विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उमंग और बढ़-चढ़कर भाग लिया.

एआई और विकसित भारत के निर्माण में शिक्षा पर छात्रों ने रखे विचार

निबंध लेखन प्रतियोगिता के तहत विद्यार्थियों को समसामयिक और दूरदर्शी विषय प्रदान किए गए थे. छात्रों ने ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस: दुनिया को बदलने वाली तकनीक’ तथा ‘विकसित भारत के निर्माण में शिक्षा की भूमिका’ जैसे गंभीर विषयों पर अपने मौलिक विचारों को अत्यंत प्रभावशाली व सारगर्भित ढंग से कलमबद्ध किया. प्रतिभागियों ने स्पष्ट किया कि आधुनिक तकनीकी युग में एआई जहां विकास की गति को तेज कर सकता है, वहीं सुदृढ़ शिक्षा प्रणाली विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव साबित होगी.

रंगों के जरिए उकेरा सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश

वहीं दूसरी ओर, रंगोली प्रतियोगिता में तकनीकी शिक्षा ले रहे विद्यार्थियों की अद्भुत कलात्मक प्रतिभा और रचनात्मकता देखने को मिली. छात्राओं और छात्रों की टोलियों ने रंगों के माध्यम से समाज को गहरे संदेश दिए. प्रतिभागियों ने अपनी कलाकृतियों में निस्वार्थ जनसेवा, स्वच्छता ही सेवा, जल व पर्यावरण संरक्षण, नारी शिक्षा, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों को बेहद सुंदर और प्रभावी ढंग से कैनवास पर उतारा, जिसकी सभी उपस्थित लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की.

सर्वांगीण विकास और सामाजिक जिम्मेदारी का माध्यम हैं ऐसी गतिविधियां: प्राचार्य

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान के प्राचार्य डॉ. दिवाकर भगत ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, कला और उत्साह की भूरि-भूरि प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि इस तरह के गैर-शैक्षणिक व रचनात्मक आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास के लिए बेहद आवश्यक हैं. तकनीकी ज्ञान के साथ-साथ युवाओं में सामाजिक संवेदनशीलता और सेवा का भाव होना अनिवार्य है, क्योंकि युवा शक्ति की सक्रिय भागीदारी से ही समाज व देश में सकारात्मक परिवर्तन संभव है.

शिक्षक, कर्मी और छात्र रहे सक्रिय रूप से उपस्थित

इस पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों का उत्साह और अनुशासन पूरे कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बना रहा. कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्थान के सभी शिक्षकगण, शिक्षकेतर कर्मचारी और स्वयंसेवी विद्यार्थियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया. अंत में सभी प्रतिभागियों को समाज और राष्ट्रहित में अपनी सहभागिता निरंतर बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Md.maksud alam

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >