शिवहर में पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा, डीएम ने 15 दिन में इंस्टालेशन बढ़ाने का दिया लक्ष्य

शिवहर में पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति को लेकर डीएम प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में बैठक हुई. योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने और सोलर इंस्टॉलेशन बढ़ाने के लिए अधिकारियों को विशेष लक्ष्य दिए गए हैं. व्यवसायियों और पंचायत कर्मियों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए गए हैं.

Sheohar News: डीएम प्रतिभा रानी की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय के संवाद कक्ष में नगर परिषद के वार्ड पार्षदों एवं संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर पीएम सूर्य घर योजना के कार्यों की समीक्षा की गई. बैठक में योजना की प्रगति, आवेदन की स्थिति और इंस्टालेशन बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई. डीएम ने अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ने के लिए अधिकारियों को समयबद्ध लक्ष्य सौंपा.

व्यवसायियों को भी योजना से जोड़ने का निर्देश

समीक्षा बैठक के दौरान डीएम ने कहा कि नगर क्षेत्र के व्यवसायियों को भी अगले 10 से 15 दिनों के भीतर पीएम सूर्य घर योजना के तहत सोलर इंस्टालेशन कराने के लिए प्रेरित किया जाए. उन्होंने योजना के लाभों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया.

741 आवेदन, लेकिन इंस्टालेशन बढ़ाने की जरूरत

डीएम ने बताया कि वर्तमान में पोर्टल पर 741 आवेदन दर्ज किए जा चुके हैं, लेकिन अंतिम इंस्टालेशन का लक्ष्य अभी पूरा नहीं हुआ है. उन्होंने सभी बीडीओ को पंचायत स्तर पर लंबित आवेदनों की वस्तुस्थिति तैयार कर संचयी डेटा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया, ताकि वास्तविक प्रगति का आकलन किया जा सके.

पंचायत कर्मियों को दिया गया विशेष लक्ष्य

डीएम ने निर्देश दिया कि पंचायत नोडल पदाधिकारी एवं पंचायत स्तरीय कर्मी लोगों को योजना के प्रति जागरूक करें. प्रत्येक कर्मी अगले 15 दिनों के भीतर कम से कम पांच उपभोक्ताओं को योजना के लिए आवेदन कराने और उनका इंस्टालेशन सुनिश्चित कराने का प्रयास करेगा. वहीं सभी एमओ को 25-25 आवेदन प्राप्त कर इंस्टालेशन कराने का लक्ष्य दिया गया.

सफल उपभोक्ताओं को सम्मानित करने का सुझाव

बैठक के दौरान नगर परिषद के सभापति राजन नंदन सिंह ने सुझाव दिया कि जिन उपभोक्ताओं ने योजना के तहत सफलतापूर्वक सोलर सिस्टम स्थापित कराया है, उन्हें सम्मानित किया जाए. डीएम ने कहा कि अधिक बिजली उपभोग करने वाले उपभोक्ताओं के लिए यह योजना काफी लाभकारी है और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाना चाहिए.

लोन लेने वालों के लिए जरूरी शर्त

बैठक में बताया गया कि योजना के तहत ऋण सुविधा लेने वाले आवेदकों की आयु संबंधित वर्ष में 55 वर्ष से कम होनी चाहिए तथा उनका सिबिल स्कोर संतोषजनक होना आवश्यक है. अधिकारियों को पात्र लाभुकों को इन शर्तों की जानकारी देने का निर्देश दिया गया.

यह भी पढ़ें: राजेपुर विद्यालय में पांच दिवसीय स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर संपन्न, प्रतिभागियों को मिला सम्मान


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष नंदन सिंह

मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >