Sheohar: स्वतंत्रता दिवस की तैयारी तेज, परेड मैदान में होगा मुख्य समारोह

शिवहर में आगामी स्वतंत्रता दिवस के भव्य आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं. डीएम प्रतिभा रानी और एसपी शैलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में राष्ट्रीय पर्व को गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं. मुख्य समारोह परेड मैदान में होगा, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.

Sheohar Independence Day: आगामी स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर बुधवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में डीएम प्रतिभा रानी और एसपी शैलेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में राष्ट्रीय पर्व को हर्षोल्लास, गरिमा और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं और तैयारियों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया.

परेड मैदान में मुख्य समारोह की तैयारी

डीएम ने मुख्य समारोह स्थल परेड मैदान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की. उन्होंने नगर परिषद के कार्यपालक अभियंता को मैदान की साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, मंच निर्माण, साउंड सिस्टम और दर्शक दीर्घा में पंडाल की व्यवस्था निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने का निर्देश दिया.

जिला पुलिस बल, एनसीसी, होमगार्ड, स्काउट एंड गाइड तथा स्कूली बच्चों की ओर से प्रस्तुत किए जाने वाले परेड की रिहर्सल को अंतिम रूप देने का भी निर्देश दिया गया.

स्कूली बच्चे देंगे देशभक्ति कार्यक्रम

स्वतंत्रता दिवस समारोह में स्कूली बच्चों की ओर से देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे. इसके लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी दुर्गा प्रसाद यादव को आवश्यक तैयारी की जिम्मेदारी दी गई है.

डीएम ने जिले के सभी चिन्हित महादलित टोलों में भी सरकार के निर्देश के अनुसार वरिष्ठतम सदस्य द्वारा सम्मानपूर्वक झंडोत्तोलन सुनिश्चित कराने का निर्देश सभी बीडीओ को दिया.

समारोह स्थल पर रहेगी मेडिकल टीम

स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने वाले अतिथियों, दर्शकों और विशेषकर स्कूली बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शुद्ध पेयजल और ओआरएस की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है.

किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जीवनरक्षक दवाओं, एंबुलेंस और मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया.

चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती

स्वतंत्रता दिवस के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखने का निर्देश पुलिस विभाग को दिया गया. प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती के साथ समारोह स्थल के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और वीआईपी व सामान्य पार्किंग की अलग-अलग व्यवस्था करने को कहा गया.

सरकारी कार्यालयों और ऐतिहासिक स्थलों की होगी सजावट

डीएम ने जिले के प्रमुख सरकारी कार्यालयों, ऐतिहासिक भवनों और महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई कराने के साथ आकर्षक रोशनी से सजावट करने का निर्देश दिया.

बैठक के अंत में डीएम ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा और तत्परता से पालन करने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: शिवहर में हाथीसर तालाब को इकोटूरिज्म स्थल के रूप में विकसित करने की तैयारी


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष नंदन सिंह

मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >