शिवहर में 5.26 लाख लोगों की होगी निःशुल्क स्वास्थ्य जांच, 117 केंद्रों पर शुरू हुआ विशेष अभियान

शिवहर में 'हर नागरिक की जांच, स्वस्थ शिवहर की पहचान' अभियान शुरू हुआ है. 90 दिनों तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत 30 वर्ष से अधिक उम्र के करीब 5.26 लाख लोगों की मुफ्त स्वास्थ्य जांच की जाएगी. यह अभियान 117 स्वास्थ्य केंद्रों पर संचालित होगा.

Sheohar News: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को ऊर्जा स्टेडियम, पटना से राज्यस्तरीय ‘जांच एवं उपचार- चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान का वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शुभारंभ किया. इसके तहत शिवहर में ‘हर नागरिक की जांच, स्वस्थ शिवहर की पहचान’ कार्यक्रम शुरू किया गया है. 90 दिवसीय इस विशेष अभियान के तहत 30 वर्ष से अधिक उम्र के करीब 5.26 लाख लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की जाएगी.

117 स्वास्थ्य केंद्रों पर होगी मुफ्त जांच

बिहार राज्य स्वास्थ्य समिति के निर्देश पर शिवहर जिला स्वास्थ्य समिति की ओर से एनपी-एनसीडी के तहत अभियान संचालित किया जा रहा है. जिले के सभी 117 चिन्हित स्वास्थ्य संस्थानों पर जांच की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है. इसमें हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर से लेकर जिला अस्पताल तक शामिल हैं.

अभियान 2 सितंबर से 30 नवंबर तक चलेगा. इसका उद्देश्य गैर-संचारी रोगों की समय पर पहचान कर लोगों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराना है.

डायबिटीज, बीपी से लेकर कैंसर तक की स्क्रीनिंग

विशेष अभियान के दौरान 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों की मधुमेह, उच्च रक्तचाप और विभिन्न प्रकार के कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों की निःशुल्क जांच की जाएगी.

समय रहते बीमारी की पहचान होने पर मरीजों को आगे के उपचार से जोड़ा जाएगा. स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य गंभीर बीमारियों की शुरुआती अवस्था में पहचान कर लोगों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना है.

डीएम ने लोगों से जांच कराने की अपील की

उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल प्रभारी जिलाधिकारी सह डीडीसी संजय कुमार ने जिलेवासियों से अधिक से अधिक संख्या में अभियान का लाभ उठाने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोग समय रहते अपनी स्वास्थ्य जांच अवश्य कराएं, ताकि गंभीर बीमारियों से बचाव और समय पर उपचार संभव हो सके.

सिविल सर्जन डॉ. रविन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि अभियान की शत-प्रतिशत सफलता के लिए जिला अस्पताल से लेकर गांव के हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर तक स्वास्थ्य टीमों को सक्रिय कर दिया गया है.

लोगों को जागरूक करेगा जागरूकता रथ

जिला गैर-संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. सुरेश राम ने बताया कि अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिले में जागरूकता रथ भी चलाया जा रहा है. यह रथ लोगों को एनपी-एनसीडी अभियान के प्रति जागरूक करेगा और नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराने के लिए प्रेरित करेगा.

माइक्रो प्लान से स्वास्थ्य कर्मियों को मिली जिम्मेदारी

डीपीएम मुक्ता भारती ने बताया कि अभियान के सुचारू संचालन के लिए सघन माइक्रो प्लान तैयार किया गया है. इसके तहत एएनएम, आशा कार्यकर्ताओं और अन्य संबंधित स्वास्थ्य कर्मियों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गयी हैं.

स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से अपील की गयी है कि 30 वर्ष से अधिक उम्र के लोग इस अभियान के तहत अपनी जांच जरूर कराएं और किसी भी स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में चिकित्सकीय सलाह लें.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष नंदन सिंह

मनीष नंदन सिंह बीते 16 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. इनका जनहित से जुड़ी खबरों से गहरा जुड़ाव है और ये स्थानीय व क्षेत्रीय स्तर की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं. मनीष जन-सरोकार के मुद्दों की सटीक और जमीनी रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >