करोड़ों फरजी गैस कनेक्शन पर लगी रोक
धनवान लोगों ने छोड़ी गैस सब्सिडी
शिवहर : स्थानीय सांसद रमा देवी ने कहा कि सूबे में तीन साल में गरीबी रेखा के नीचे जीवन बसर करने वाली 50 लाख महिलाओं को नि: शुल्क गैस कनेक्शन देने की केंद्र सरकार की योजना है.
कहा कि मोदी सरकार की देन है कि आज उन महिलाओं के चुहानी में भी गैस चूल्हा होगा. जो गरीबी रेखा के नीचे जीवन बसर कर रही है. जिनके लिए गैस चूल्हा पर खाना पकाना एक सपना सा था. किंतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके सपनों को पूरा कर दिया है. सांसद स्थानीय गांधी नगर भवन में प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के तहत आयोजित गैस वितरण समारोह में बोल रही थी. सांसद ने कहा कि पूर्व की सरकार में करोड़ों फर्जी गैस कनेक्शन था.
जिससे कुछ लोग चांदी काट रहे थे. जबकि गरीब हलकान थे. मोदी ने उन सभी फर्जी कनेक्शन को बंद करवा दिया है. उसी तरह फर्जी कार्ड बनवाकर कुछ लोग अनाज ले रहे थे. उसको भी पीएम मोदी ने बंद करवा दिया है.
अब गरीबों को इसका सीधा लाभ मिलेगा. कहा कि प्रधानमंत्री के आहृवान पर धनवान लोगों ने गैस पर मिलने वाला अनुदान छोड़ दिया था. जिसके कारण नि:शुल्क गैस बीपीएल कार्डधारी महिलाओं को मिल रहा है.
उन्होंने सुझाव देते हुए कहा कि गैस जलाने व बुझाने के बारे में महिलाएं पूरी जानकारी ले लेनी चाहिए. ताकि भविष्य में कोई दुर्घटना नहीं हो. कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को गैस सिलिंडर व अन्य सामग्री नि:शुल्क दी गयी. कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र किशोर मिश्र ने किया. जबकि कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद ने दीप प्रज्जवलित करके किया.
मौके पर एसडीओ लालबाबू सिंह,अर्जुन सहनी, जिला परिषद अध्यक्ष नीलम देवी, लोजपा जिला अध्यक्ष विजय कुमार पांडेय, शिवहर मंडल अध्यक्ष ग्रामीण डॉ रामबहादुर प्रसाद गुप्ता, जिप उपाध्यक्ष सुखलाल राम समेत कई मौजूद थे.
