सहायक अभियंता ने कहा, विद्युत तार से छेड़छाड़ कर 24 घंटे सेवा बाधित किये थे आरोपित
पुपरी : विद्युत विभाग के कर्मियों, अधिकारियों व उपभोक्ताओं के बीच सही तरीके से तालमेल नहीं बैठ रहा है. सच्चाई चाहे जो हो, पर कर्मियों द्वारा अक्सर अवैध रूप से राशि उगाही का मामला सामने आता रहता है. इसी प्रकार का एक मामला पुन: सामने आया है.
नगर के वार्ड संख्या दो अंतर्गत सरयुग नगरी निवासी कैलास साह का पुत्र श्यामलाल साह ने स्थानीय थानाध्यक्ष, इंस्पेक्टर, एसपी, कार्यपालक अभियंता विद्युत, सचिव ऊर्जा मंत्रालय पटना, डीएम समेत कई अन्य पदाधिकारी को आवेदन देकर बताया है कि अवैध राशि नहीं देने पर स्थानीय विद्युत विभाग के जेइ द्वारा उन्हें परेशान करने के लिए झूठा आरोप लगाते हुए उन पर प्राथमिकी दर्ज करा दी गयी है.
क्या है पूरा मामला : नगर सरयुगपुरी निवासी श्यामलाल साह ने वरीय अधिकारियों को दिये आवेदन में बताया है कि कुछ दिन पूर्व उनके घर के समीप से विभागीय कर्मियों द्वारा 11 हजार वोल्ट का तार ले जाया जा रहा था. विरोध करने पर बताया गया कि जब उनके द्वारा जब मकान का ऊपरी तल बनाया जाने लगेगा उस समय एंगल लगा कर तार को आगे करवा दिया जायेगा. बाद में ऊपरी तल बनाने से पूर्व विभाग को एक आवेदन दिया गया,
जिसके आलोक में कनीय अभियंता द्वारा एंगल लगा कर तार को आगे बढ़वा दिया गया. काम समाप्त होने के बाद उनके द्वारा अवैध रूप से कुछ राशि की मांग की गयी. नहीं देने पर केस में फंसाने की धमकी भी दी गयी और बाद में विभागीय कार्य में बाधा व नुकसान करने का आरोप लगा कर प्राथमिकी दर्ज करा दी गयी.
