काउंट डाउन. सुबह आठ से शाम छह बजे तक मतों की होगी गिनती
शिवहर : पंचायत चुनाव को लेकर डाले गये मतगणना का कार्य 17 मई को सुबह आठ बजे से संध्या छह बजे तक किया जाना है. इसके लिए सारी प्रशासनिक तैयारी पूरी कर ली गयी है. मतदान केंद्र के पास पास धारा 144 लागू कर दी गयी है.
वहीं मतगणना केंद्र के आस पास के सभी दुकानों को 17 मई से 19 मई तक मतगणना कार्य के दौरान बंद रखने का निर्देश दिया गया है. डीएम राजकुमार व एसपी प्रकाश नाथ मिश्र के संयुक्त आदेश में कहा गया है कि कोर्इ भी अभ्यार्थी या चुनाव अभिकर्ता व गणन अभिकर्ता किसी प्रकार का पेय पदार्थ, तंबाकू,नशीला पदार्थ, मोबाइल, कैलकुलेटर व अस्त्र-शस्त्र के साथ मतगणना केंद्र में प्रवेश नहीं कर सकते हैं. मतगणना कार्य पंचायतवार पंचायत के संख्यांकन क्रम में किया जाना निर्धारित है.
पुरनहिया प्रखंड में अदौरी पंचायत, पिपराही प्रखंड में बेलवा ग्राम पंचायत, शिवहर प्रखंड में माली पोखरभिंडा पंचायत,डुमरी कटसरी प्रखंड में श्यामपुर भटहां पंचायत व तरियानी प्रखंड में हिरौता दुम्मा पंचायत से मतगणना का कार्य प्रारंभ किया जायेगा. प्रत्येक दिन चार पंचायत के मतगणना का कार्य किया जाना प्रस्तावित है. मतगणना के लिये नवाब उच्च विद्यालय परिसर के नियोजन कार्यालय में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है.
जिसमें पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है. नियंत्रण कक्ष में जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी चंदन कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी शिक्षा विभाग विनोद कुमार शर्मा, सत्येंद्र झा,जिला मध्याह्न योजना पदाधिकारी कन्हैया प्रसाद राय को प्रतिनियुक्त किया गया है. विधि व्यवस्था की जिम्मेवारी एसडीओ व एसडीपीओ को सौंपी गयी है.
मतगणना केंद्र के आसपास 144 धारा लागू
15 पर आचार संहिता उल्लंघन की प्राथमिकी: पुपरी . प्रशासन की बगैर अनुमति की बैनर व पोस्टर लगाने के आरोप में 15 प्रत्याशियों के खिलाफ आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. कई प्रत्याशियों पर बिना इजाजत जुलूस निकालने एवं ठेला पर बैनर पोस्टर लगा कर प्रचार-प्रसार करने का आरोप है.
इसी आरोप में रामनगर बेदौल के मुखिया के सात प्रत्याशी, सरपंच के एक, जिला परिषद क्षेत्र संख्या 33 के चार प्रत्याशी, क्षेत्र संख्या 34 के एक प्रत्याशी, झझिहट पंचायत के मुखिया पद के दो प्रत्याशी समेत 15 के खिलाफ कार्रवाई की गयी है.
इन पर हुई कार्रवाई : आरोपितों में मुखिया प्रत्याशी क्रमश: श्याम राय, अली रजा खां, क्यामुद्दीन खां, दामोदर सहनी, अनीसुर रहमान उर्फ जूही, महताब खां, मनीष कुमार, जयकल देवी
, रूना देवी, सरपंच प्रत्याशी असगर अली, जिला परिषद प्रत्याशी तन्मय, गोविंद ठाकुर, सिकिलिया देवी, राघवेंद्र राय व मो खुर्शीद रब्बानी शामिल है. बता दें कि निर्वाची पदाधिकारी के नेतृत्व में सीओ लवकेश कुमार, थानाध्यक्ष विवेक कुमार जायसवाल व अवर निरीक्षक अजीत कुमार सिंह ने विभिन्न स्थानों से बैनर व पोस्टर के साथ ही प्रचार सामग्री जब्त किया.
