17 सूत्री मांगों को ले माकपा कार्यकर्ताओं ने प्रखंड कार्यालय पर दिया धरना-प्रदर्शन
मेजरगंज : माकपा की ओर से बुधवार को प्रखंड कार्यालय में धरना- प्रदर्शन दिया गया, जिसका नेतृत्व पार्टी के अंचल प्रभारी राजेश सिंह ने की.
सरकारी वादों को झूठा करार देते हुए अध्यक्ष श्री सिंह ने कहा कि प्रखंड पूर्ण रूप से माफिया, दलाल व गुंडों के चंगुल में फंस गया है. जनता का कोई काम नहीं हो रहा है. पदाधिकारी दबंगों के गोद में जाकर बैठ गये हैं. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बिचौलियों द्वारा 30 हजार रुपये घुस लिया जाता है. धरना-प्रदर्शन में शामिल लोग सरकार विरोधी नारों के साथ-साथ दलाल व उचक्कों को खदेड़ भगाने की बातें बोल अपना आक्रोश दिखा रहे थे. इससे पूर्व महिला व पुरुष की टोली ने कुंवारी मदन गांव से रैली निकाल प्रखंड कार्यालय पहुंचें.
धरना प्रदर्शन के बाद पार्टी की पांच सदस्यीय शिष्टमंडल ने बीडीओ सुमन सिंह को ज्ञापन सौंपा. बीडीओ के माध्यम से सरकार से 19 सूत्री मांगे की गयी, जिसमें ग्रामीण शौचालय के निर्माण के बाद त्वरित भुगतान करने, किसानों के सभी प्रकार के कर्ज माफ करने, फसल बीमा एवं डीजल अनुदान का तत्काल भुगतान सुनिश्चित कराने, किसानों के फसल के लागत खर्च का डेढ़ गुना अधिक भुगतान करने, बाढ़, सुखाड़ का स्थायी निदान करनेे, वैज्ञानिक जल प्रबंधन के तहत सभी खेतों में जल उपलब्ध कराने, प्रखंड के बहेरा नदी के पर स्लूइस गेट का निर्माण करने, बंद स्टेट बोरिंग को चालू करने ,
दाखिल खारिज में मनमाने ढंग से आवेदन को स्वीकार करने पर रोक लगाने, दस्तावेज में त्रुटि होने के बाद नोटिस भेजने, प्रखंड मुख्यालय स्थित बंद पड़े प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को अविलंब चालू कराने, सभी भूमिहीन को आवास के लिए मुफ्त 10 डिसमिल जमीन उपलब्ध करवाने, सरकारी एवं गैर सरकारी जमीन पर बरसों से बसे लोगों को बासकीत पर्चा अविलंब देने, बहेरा के कैलाशपुर में अधूरा विद्युतीकरण को पूरा करने, राशन-केरोसिन एवं वृद्धावस्था पेंशन से वंचित लोगों को नाम जोड़ने की मांग शामिल है.
मौके पर जिला मंत्री मदन राय,प्रोफेसर दिगंबर ठाकुर, रामाशंकर प्रसाद, वरीय अधिवक्ता राम पदारथ मिश्र, देवेंद्र प्रसाद यादव, रामपरी देवी, सुरेश बैठा, भरत सिंह, शैलेंद्र सिंह, शिव कुमार, दिनेश पासवान के अलावा सौ से अधिक महिला व पुरूष कार्यकर्ता शामिल थे.
