15 सितंबर से शुरू होगी विज्ञान संगोष्ठी 2025, स्कूल से राज्य स्तर तक होगा मुकाबला

SASARAM NEWS.बिहार राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद पटना के निर्देश पर जिले में 15 सितंबर से विज्ञान संगोष्ठी 2025 शुरू होगी, जो स्कूल स्तर से लेकर राज्य स्तर तक होगी. इस प्रतियोगिता में विजेता छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तर की संगोष्ठी में जिले और बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे.

छात्र-छात्राओं में विज्ञान के प्रति जगेगी रुचि, एआइ और क्वांटम युग होंगे बहस के मुख्य विषय

बेहतर प्रदर्शन करने पर राष्ट्रीय संगोष्ठी में भी मिल सकती है जगह

प्रतिनिधि, सासाराम ऑफिस.

बिहार राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद पटना के निर्देश पर जिले में 15 सितंबर से विज्ञान संगोष्ठी 2025 शुरू होगी, जो स्कूल स्तर से लेकर राज्य स्तर तक होगी. इस प्रतियोगिता में विजेता छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय स्तर की संगोष्ठी में जिले और बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे. विज्ञान संगोष्ठी का आयोजन पांच चरणों में किया जायेगा. स्कूल स्तर की प्रतियोगिता 15 सितंबर तक, प्रखंड स्तर 19 सितबंर तक, जिला स्तर पर सात अक्टूबर तक, प्रमंडल स्तर 10 अक्टूबर तक और राज्य स्तर की संगोष्ठी 15 अक्टूबर को पटना स्थित श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र, गांधी मैदान में होगी. राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागी 30 अक्टूबर को बेंगलुरु के विश्वेश्वरैया इंडस्ट्रियल एंड टेक्नोलॉजिकल म्यूजियम में आयोजित राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी में भाग लेंगे. जहां मध्य विद्यालय (वर्ग छह और सात) के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ) का उपयोग: संभावनाएं और चुनौतियां विषय रखा गयी है. वहीं माध्यमिक विद्यालय (वर्ग आठ से 10) के लिए क्वांटम युग का आगाज: संभावनाए और चुनौतियां विषय हैं. छात्र-छात्राओं को निर्धारित समय में व्याख्यान प्रस्तुति देनी होगी. अधिकतम पांच चार्ट/पोस्टर या पावर प्वाइंट स्लाइड का प्रयोग किया जा सकेगा. प्रस्तुति के बाद निर्णायक मंडली सवाल-जवाब करेगी. स्कूल स्तर पर संगोष्ठी के संयोजक प्रधानाध्यापक होंगे. प्रखंड स्तर पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी, जिला स्तर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी व प्रमंडल स्तर पर क्षेत्रीय शिक्षा उपनिदेशक संयोजक की भूमिका निभायेंगे. राज्य स्तर का संचालन परिषद और श्रीकृष्ण विज्ञान केंद्र, पटना संयुक्त रूप से करेंगे.

छात्रों को मिलेगा बड़ा मंच

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी प्राथमिक शिक्षा व सर्व शिक्षा अभियान रोहित रोशन ने सभी स्कूल प्रधानाध्यापकों को 15 सितंबर तक संगोष्ठी कराने और विजेताओं की सूची प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को भेजने का निर्देश दिया है. वहीं प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी 19 सितंबर तक सूची जिला कार्यालय को उपलब्ध करायेंगे. उन्होंने कहा कि यह संगोष्ठी छात्रों को विज्ञान के प्रति रचनात्मक और विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण अपनाने का अवसर देती है. साथ ही प्रतियोगिता की भावना भी विकसित होती है. इसका उद्देश्य है कि छात्र-छात्राएं नई तकनीक जैसे कृत्रिम बुद्धिमत्ता और क्वांटम युग की संभावनाओं व चुनौतियों पर विचार कर सकें और अपने विचार मंच पर प्रस्तुत करें.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Anurag sharan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >