अगलगी में सात दलित परिवारों का उजड़ गया आशियाना

SASARAM NEWS.प्रखंड क्षेत्र की बलियां पंचायत अंतर्गत करमैनी गांव में बुधवार को भीषण आग लगने से सात दलित परिवारों के घर जलकर राख हो गये. इस अगलगी में घरों में रखा अनाज, कपड़ा, बिछावन, नगदी सहित सभी सामान नष्ट हो गये.

दिनारा प्रखंड क्षेत्र की बलियां पंचायत अंतर्गत करमैनी गांव की घटना

बहन की विदाई का सामान भी जलकर राख हो गया

दिनारा.

प्रखंड क्षेत्र की बलियां पंचायत अंतर्गत करमैनी गांव में बुधवार को भीषण आग लगने से सात दलित परिवारों के घर जलकर राख हो गये. इस अगलगी में घरों में रखा अनाज, कपड़ा, बिछावन, नगदी सहित सभी सामान नष्ट हो गये. ग्रामीणों के अनुसार पहले खेत में आग लगी, जो तेज पछुआ हवा के कारण झोंपड़ीनुमा घरों तक पहुंच गयी और देखते ही देखते कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी नजदीक जाकर बुझाने की स्थिति में नहीं था.आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवा के कारण प्रयास असफल रहा. इस दौरान आग बुझाने में कई लोगों के हाथ-पैर भी झुलस गये. पीड़ित रविंद्र पासवान ने बताया कि आग की सूचना अग्निशमन विभाग और नटवार थाना को दी गयी, लेकिन दमकल की गाड़ी करीब चार घंटे बाद पहुंची, तब तक सब कुछ जल चुका था. उन्होंने बताया कि घर में रखा गेहूं, चावल, बिछावन, कपड़े, नगद आठ हजार रुपये और बहन की विदाई का सामान जल गया. अब उनके पास पहनने के कपड़ों के अलावा कुछ नहीं बचा है.

इन लोगों का छिन गया आशियाना

इस घटना में राजकुमार पासवान, धर्मशिला देवी, अमित पासवान, भोला पासवान, भगत पासवान और चिंटू पासवान का भी भारी नुकसान हुआ है. सभी पीड़ितों के सामने खाने-पीने और रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गयी है.ग्रामीणों ने बताया कि वार्ड 10 में नल-जल योजना का पाइप पीड़ितों के घरों के पास है, लेकिन वर्षों से बंद रहने के कारण आग बुझाने में उसका उपयोग नहीं हो सका. चापाकल से भी आग पर काबू नहीं पाया जा सका.

क्या कहते हैं थानाध्यक्ष

नटवार थानाध्यक्ष रंजय कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है, हालांकि अब तक कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है. मामले की जानकारी जुटाई जा रही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Vikash Kumar is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >