टोल प्लाजा पर खड़े ट्रक में मृत मिला चालक

SASARAM NEWS.थाना क्षेत्र के सासाराम टोल प्लाजा के समीप गुरुवार की अहले सुबह एक खड़े ट्रक से चालक का शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर थाना क्षेत्र अंतर्गत जसवंत नगर गांव निवासी जसविंदर सिंह के करीब 40 वर्षीय पुत्र अवतार सिंह के रूप में हुई है.

सरसों का तेल लोड कर राजस्थान से ओडिशा जा रहा था ट्रक चालक

ट्रक के केबिन में मृत पाया गया चालक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगा कारण

शिवसागर

. थाना क्षेत्र के सासाराम टोल प्लाजा के समीप गुरुवार की अहले सुबह एक खड़े ट्रक से चालक का शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान पंजाब के फाजिल्का जिले के अबोहर थाना क्षेत्र अंतर्गत जसवंत नगर गांव निवासी जसविंदर सिंह के करीब 40 वर्षीय पुत्र अवतार सिंह के रूप में हुई है.जानकारी के अनुसार अवतार सिंह अपने ट्रक से राजस्थान के गंगानगर से सरसों का तेल लोड कर ओडिशा जा रहा था. इसी दौरान वह सासाराम टोल प्लाजा के पास ट्रक खड़ा कर आराम करने लगा. गुरुवार सुबह काफी देर तक नहीं उठने पर टोल कर्मियों को संदेह हुआ और इसकी सूचना शिवसागर थाना पुलिस को दी गई.सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक के केबिन की जांच की, जहां चालक मृत अवस्था में पड़ा मिला.शिवसागर थानाध्यक्ष रितेश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है. परिजनों के आने के बाद पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है. फॉरेंसिक टीम ने मौके पर जांच की, लेकिन किसी प्रकार का संदिग्ध साक्ष्य नहीं मिला है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा.

दो वर्षों में टोल प्लाजा पर दो चालकों की हो चुकी है मौत

क्राइम रिकॉर्ड के अनुसार सासाराम टोल प्लाजा के समीप पिछले दो वर्षों में खड़े दो ट्रकों से चालकों के शव बरामद होने की घटनाएं सामने आयी हैं.तीन जुलाई 2025 को भी टोल प्लाजा के पास एक ट्रक से चालक का शव मिला था. मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के जहानाबाद थाना क्षेत्र स्थित निजामुद्दीन हैदरगंज निवासी सुखलाल के 48 वर्षीय पुत्र अनिल कुमार के रूप में हुई थी.वह गुजरात से पेट्रोकेमिकल लोड कर कोलकाता जा रहा था. एक जुलाई 2025 से उसका मोबाइल बंद था. जीपीएस लोकेशन के आधार पर ट्रक मालिक ने शिवसागर थाना पुलिस को सूचना दी.पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की, तो ट्रक के केबिन में चालक का शव मिला. प्रारंभिक जांच में उस मामले में भी डिहाइड्रेशन और तबीयत बिगड़ने से मौत की आशंका जतायी गयी थी.

2023 में इसी स्थान पर हुई थी हत्या की घटना, पकड़े गये थे तीन लोग

इसी क्षेत्र में वर्ष 2023 में भी ट्रक चालक अनिरुद्ध कुमार की हत्या का मामला सामने आया था. 18 मार्च 2023 को कोयला लदा ट्रक लेकर धनबाद से नेपाल जा रहे चालक का शव सासाराम टोल प्लाजा के पास बरामद हुआ था. जांच में सामने आया था कि कोयला चोरी की साजिश के तहत चालक की हत्या की गयी थी. इस मामले में पुलिस ने 23 जून 2023 को तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था, जिनमें उत्तर प्रदेश के गाजीपुर निवासी अनवर, धनबाद के भूली निवासी पंकज सिंह और अय्यूब खान शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Vikash Kumar

Vikash Kumar is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >