Sasaaraam News: रोहतास के नगर पंचायत कोचस में अतिक्रमण की समस्या गंभीर होती जा रही है. महात्मा गांधी चौक से लेकर बघा पड़ाव तक सड़क किनारे दुकानदारों ने कब्जा जमा लिया है. इस कारण सड़कों की चौड़ाई काफी कम हो गई है और आवागमन प्रभावित हो रहा है. इससे बाजार क्षेत्र में दिनभर वाहनों का दबाव बना रहता है.
मुख्य सड़कों पर बढ़ा अतिक्रमण
नगर के प्रमुख मार्गों पर ठेला, फल-सब्जी और फुटपाथ दुकानदारों का कब्जा बढ़ गया है. दुकानें सड़क तक फैल गई हैं, जिससे आम लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है.
एनएच-319 पर रोजाना जाम की समस्या
स्थानीय लोगों के अनुसार, एनएच-319 और एसएच-17 पर रोजाना जाम लग रहा है. भारी वाहनों की आवाजाही के कारण स्थिति और भी बिगड़ जाती है. खासकर बाजार के मुख्य मार्ग पर सुबह से लेकर देर शाम तक जाम लगा रहता है. जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है.
पैदल चलना भी हुआ मुश्किल
बाजार क्षेत्र में लोगो के लिए पैदल चलना भी चुनौती बन गया है. सड़क पर फैली दुकानों और भीड़ के कारण लोगों को निकलने में काफी दिक्कत होती है.
नगर प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
लोगो ने नगर प्रशासन पर इस समस्या को लेकर उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया है. लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद अतिक्रमण हटाने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है.
लोगों में बढ़ रही नाराजगी
प्रशासन को कई बार इस समस्या की जानकारी दी गई है. इसके बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है. जाम के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
अभियान के बाद फिर हो जाता है अतिक्रमण
पहले भी अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया था. लेकिन कुछ ही दिनों बाद फिर से सड़क पर कब्जा हो जाता है.
प्रशासन ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
नगर प्रशासन का कहना है कि जल्द ही अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जाएगा. सड़कों को खाली कराकर जाम की समस्या से राहत दिलाने की बात कही गई है.
