रोहतास में सिपाही चालक भर्ती परीक्षा संपन्न, 9,552 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 5,523 रहे अनुपस्थित, कदाचारमुक्त रहा संचालन

Sasaram News: रोहतास के 18 केंद्रों पर बिहार पुलिस सिपाही चालक भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण रही. 9,552 में से केवल 4,029 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 57.82 प्रतिशत अनुपस्थित रहे. किसी केंद्र से कदाचार की सूचना नहीं मिली.

रोहतास जिले के सासाराम से मो. आरिफ खान की रिपोर्ट
Sasaram News:
बिहार पुलिस दूरसंचार (वितंतु) एवं तकनीकी आरक्षी संवर्ग में सिपाही (चालक) के पद पर भर्ती के लिए केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की ओर से रविवार को जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर लिखित परीक्षा आयोजित हुई. यह परीक्षा दोपहर 12 बजे से दो बजे तक एकल पाली में संपन्न कराई गई. हालांकि परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई, लेकिन इसमें अभ्यर्थियों की उपस्थिति काफी कम दर्ज की गई. जिला शिक्षा पदाधिकारी की ओर से जारी आधिकारिक प्रतिवेदन के अनुसार कुल 9,552 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 5,523 यानी 57.82 प्रतिशत अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल ही नहीं हुए.

जांच और बायोमेट्रिक के बाद मिला प्रवेश

आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, परीक्षा में केवल 4,029 अभ्यर्थियों ने ही अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिससे कुल उपस्थिति का प्रतिशत मात्र 42.18 रहा. परीक्षा शुरू होने के निर्धारित समय से काफी पहले ही सासाराम के सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों की भारी भीड़ जुटने लगी थी. परीक्षा हॉल में प्रवेश देने से पहले सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. इस दौरान अभ्यर्थियों के पहचान पत्र, प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) की गहन जांच के साथ-साथ बायोमेट्रिक सत्यापन और अन्य सुरक्षा मानकों का पूरी तरह से पालन कराया गया. निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू हुई और समाप्ति तक प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारी केंद्रों पर लगातार गश्त करते रहे.

एसपी जैन कॉलेज में थे सर्वाधिक परीक्षार्थी

प्रतिवेदन के आंकड़ों का विश्लेषण करें तो सासाराम के एसपी जैन कॉलेज में सर्वाधिक 840 अभ्यर्थियों का केंद्र बनाया गया था, जहां महज 364 अभ्यर्थी ही उपस्थित हुए जबकि 476 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. इसी तरह शेरशाह कॉलेज में 816 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 348, शेरशाह सूरी इंटर स्कूल में 696 में से 315, अवधूत भगवान राम कॉलेज में 648 में से 277 तथा श्री शंकर सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 600 में से 239 अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा दी. वहीं स्कॉटिश सेंट्रल स्कूल में 504 में 221, एबीआर फाउंडेशन स्कूल में 480 में 200 और सेंट माइकल्स एकेडमी में 288 में से केवल 115 अभ्यर्थी ही परीक्षा देने पहुंचे.

कदाचार या निष्कासन की कोई सूचना नहीं

जिले के लगभग सभी केंद्रों पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों की संख्या उपस्थित अभ्यर्थियों की तुलना में काफी अधिक देखी गई. मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने बताया कि रोहतास के किसी भी परीक्षा केंद्र से किसी अभ्यर्थी के निष्कासन, कदाचार अथवा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है. सभी 18 चिन्हित केंद्रों पर परीक्षा सरकारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी तरह पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई. परीक्षा समाप्त होने के बाद सभी उत्तर पुस्तिकाओं (ओएमआर शीट) को नियमानुसार सुरक्षित ढंग से संग्रहित कर आगे की मूल्यांकन प्रक्रिया के लिए बोर्ड भेज दिया गया है.

Also Read: रोहतास के नोखा में पंचायत कार्यक्रम, विधायक नागेंद्र चंद्रवंशी ने गिनाईं विकास योजनाएं, बोले-पंचायतों की भूमिका अहम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

विकाश झा प्रभात खबर में सीनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में छह वर्षों से अधिक के अनुभव के साथ उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU), भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है.

पत्रकारिता की शुरुआत वर्ष 2020 में भोपाल से हुई, जिसके बाद उन्होंने ETV Bharat, Bharat Express और News24 जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में विभिन्न जिम्मेदार भूमिकाओं का निर्वहन किया. News24 से आगे बढ़ते हुए उन्होंने Adglobal360 India Pvt. Ltd. के माध्यम से बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) में कंटेंट राइटर के रूप में कार्य किया तथा बिहार सरकार के विभिन्न विभागों की सोशल मीडिया टीमों में भी अपनी सेवाएं दीं.

स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट के प्रति उनका गहरा लगाव है और वे क्रिकेट को सिर्फ एक खेल नहीं, बल्कि अपनी लेखनी का महत्वपूर्ण विषय मानते हैं. उन्हें यात्रा करना, नए लोगों और स्थानों को जानना तथा समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर लिखना पसंद है.

मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के रहने वाले विकाश डिजिटल मीडिया की तेज रफ्तार दुनिया में तथ्यों पर आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने के लिए जाने जाते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >