रोहतास से सच्चिदानंद की रिपोर्ट
Rohtas News : रोहतास जिला के डालमियानगर थाना क्षेत्र के मनेरी बिगहा में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में ढाई साल के मासूम रियांश की मौत हो गयी. रक्षाबंधन पर मौसी के घर राखी बंधवाने कैमूर से आया रियांश खेलते-खेलते बैलून निकालने के चक्कर में खुले नाले में गिर गया और आरसीसी पाइप के अंदर फंस गया. करीब चार घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. घटना के बाद परिवार की खुशियां मातम में बदल गयीं.
बैलून के पीछे नाले तक पहुंचा मासूम
जानकारी के अनुसार, कैमूर जिले के सबार थाना क्षेत्र निवासी रोहित पासवान की पत्नी रिंकी देवी अपने ढाई वर्षीय बेटे रियांश के साथ रक्षाबंधन के मौके पर डालमियानगर के मनेरी बिगहा स्थित अपने बहनोई अभिषेक कुमार के घर आयी थीं. गुरुवार दोपहर रियांश बैलून से खेलते-खेलते घर से बाहर निकल गया. खेलते हुए वह पास के खुले नाले के समीप पहुंच गया. नाले में उसका बैलून चला गया, जिसे निकालने के प्रयास में वह फिसलकर नाले में गिर गया और पानी के बहाव के साथ आरसीसी पाइप में फंस गया.
सीसीटीवी फुटेज से सामने आया पूरा हादसा
बच्चे के अचानक गायब होने के बाद परिजनों ने आसपास उसकी तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद जब पास में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली गयी, तो पूरे हादसे का पता चला. फुटेज में रियांश को बैलून से खेलते हुए घर से बाहर जाते और बाद में नाले के पास पहुंचते देखा गया. इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गयी.
चार घंटे तक चला रेस्क्यू, पाइप काटकर निकाला
घटना की सूचना मिलते ही डालमियानगर थाना पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से बच्चे को पाइप से बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया गया. जब सामान्य तरीके से सफलता नहीं मिली, तो कटर और ड्रिल मशीन की मदद से आरसीसी पाइप को काटने का काम शुरू किया गया. करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शाम लगभग 5:30 बजे रियांश को पाइप से बाहर निकाला जा सका.
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
पाइप से बाहर निकालने के बाद परिजन बच्चे को तत्काल डेहरी अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे. चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राम लखन सिंह के अनुसार, बच्चे की मौत नाले में डूबने और ऑक्सीजन नहीं मिलने के कारण दम घुटने से हुई. शव परिजनों को सौंप दिया गया.
रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं
रियांश अपने परिवार के साथ रक्षाबंधन मनाने मौसी के घर आया था. जिस घर में पर्व की तैयारियां चल रही थीं, वहीं मासूम की मौत के बाद चीख-पुकार मच गयी. घटना से मनेरी बिगहा सहित आसपास के इलाके में भी शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने खुले नाले और असुरक्षित पाइपलाइन को लेकर भी चिंता जतायी है.
