Rohtas News: रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र के सिरिसियां गांव के बधार में रविवार को पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई. मृतक की पहचान सिरिसियां गांव निवासी चंद्रदीप साह के 40 वर्षीय पुत्र कृष्णा कुमार के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार कृष्णा कुमार रविवार को खेत देखने के लिए गांव के बधार में गया था. इसी दौरान किसानों के खेतों तक सिंचाई के लिए खोदे गए पानी से भरे नाले में वह अचानक गिर गया, जिससे पानी में डूबने के कारण उसकी असामयिक मौत हो गई.
किसानों की नजर पड़ने पर हुआ खुलासा
दोपहर में खेत की ओर गए अन्य किसानों की नजर नाले में अचेत अवस्था में पड़े कृष्णा पर पड़ी. इसके बाद उन्होंने तुरंत गांव पहुंचकर परिजनों को इस दर्दनाक घटना की सूचना दी. सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में कृष्णा कुमार को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करगहर ले गए, जहां चिकित्सकों ने गहन जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य
अस्पताल से घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची. थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया गया है. पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है. वहीं, घटना की गंभीरता और कारणों को स्पष्ट करने के लिए घटनास्थल पर एफएसएल (FSL) की टीम ने भी पहुंचकर बारीकी से साक्ष्य एकत्र किए हैं.
गांव में पसरा मातमी सन्नाटा
युवक की इस तरह अचानक हुई असामयिक मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों की चीख-पुकार से पूरा माहौल गमगीन हो गया है. इस दुखद घटना से पूरे सिरिसियां गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और गांव के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हुए हैं.
Also Read: रोहतास के आरा लाइन नहर में स्नान के दौरान 12 वर्षीय किशोर डूबा, परिवार में मचा कोहराम
