Rohtas News : नगर पंचायत क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 319 के किनारे लंबे समय से खुले में डंप किये जा रहे कूड़े-कचरे ने स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों की परेशानी बढ़ा दी है. बाजार के समीप कचरे के ढेर में प्लास्टिक, पॉलिथीन और अन्य अपशिष्ट जमा होने से आसपास दुर्गंध फैल रही है. व्यापारियों का कहना है कि बदबू के कारण दुकानों पर बैठना मुश्किल हो गया है, जिससे व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं.
कचरा जलाने से धुएं में घिर जाता है एनएच
स्थानीय लोगों के अनुसार, शहर से एकत्रित कूड़े को लकड़ी मोड़ के समीप एनएच-319 के किनारे डंप कर दिया जाता है. बाद में कचरे में आग लगा दी जाती है. कचरा जलने के बाद कई घंटे तक सड़क और आसपास का इलाका धुएं से ढक जाता है. इससे एनएच से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी होती है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.
व्यापारियों ने प्रशासन पर लगाया लापरवाही का आरोप
स्थानीय व्यापारी भूषण दूबे, तेज नारायण सिंह, सुगन प्रसाद केसरी, अनिल केसरी, पूर्व पैक्स अध्यक्ष सुरेंद्र दुबे, सतीश कुमार, धर्मेंद्र पासवान, कन्हैया यादव, विजय यादव और विपिन दूबे समेत अन्य लोगों ने कहा कि नगर प्रशासन की लापरवाही के कारण शहर का कचरा सड़क किनारे खुले में फेंका जा रहा है. हल्की बारिश के बाद कचरे से निकलने वाली सड़ांध के कारण आसपास रहना मुश्किल हो जाता है.
डंपिंग यार्ड के अभाव में बढ़ती जा रही समस्या
लोगों ने बताया कि वर्ष 2023 में तत्कालीन सीओ ने बहटूटियां गांव के समीप डंपिंग यार्ड निर्माण के लिए जमीन चिन्हित कर एनओसी जारी की थी. इसके बावजूद अब तक डंपिंग यार्ड का निर्माण शुरू नहीं हो सका है. लोगों का कहना है कि कोचस को वर्ष 2014 में नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद उम्मीद थी कि शहर की मूलभूत समस्याओं का समाधान होगा, लेकिन करीब 12 साल बाद भी कचरा प्रबंधन की समस्या जस की तस बनी हुई है.
जमीन पर अतिक्रमण कर हो रही खेती : अधिकारी
इस संबंध में नगर पंचायत की सहायक लोक स्वच्छता पदाधिकारी प्रीति आर्या ने बताया कि बहटूटियां गांव के समीप डंपिंग यार्ड निर्माण के लिए जमीन का चयन किया गया था. लेकिन, उक्त भूमि पर अतिक्रमण कर खेती-बाड़ी की जा रही है. उन्होंने बताया कि जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने के बाद ही डंपिंग यार्ड निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी.
डीएम से हस्तक्षेप की मांग
कचरे की समस्या से परेशान व्यापारियों और नगरवासियों ने रोहतास डीएम से मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की है. लोगों का कहना है कि सड़क किनारे कचरा डंप करने और उसे जलाने की व्यवस्था पर तत्काल रोक लगाकर स्थायी कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था की जाये, ताकि बाजार और एनएच से गुजरने वाले लोगों को राहत मिल सके.
