सक्षमता परीक्षा अभ्यर्थियों को काउंसलिंग का मिला अंतिम मौका
SASARAM NEWS.माध्यमिक शिक्षा निदेशालय बिहार सरकार ने स्थानीय निकाय सक्षमता परीक्षा तृतीय व चतुर्थ के सफल अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र सत्यापन के लिए एक अंतिम अवसर दिया है.
18 मई को फिर होगी प्रमाणपत्र सत्यापन के लिए काउंसलिंग
संदिग्ध प्रमाण पत्र वाले अभ्यर्थी 15 मई तक कर सकेंगे सही दस्तावेज अपलोड
सासाराम ऑफिस.
माध्यमिक शिक्षा निदेशालय बिहार सरकार ने स्थानीय निकाय सक्षमता परीक्षा तृतीय व चतुर्थ के सफल अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र सत्यापन के लिए एक अंतिम अवसर दिया है. इस संबंध में शिक्षा विभाग की ओर से प्रेस विज्ञप्ति जारी कर आवश्यक जानकारी दी गयी है. जारी विज्ञप्ति के अनुसार स्थानीय निकाय सक्षमता परीक्षा तृतीय और चतुर्थ के सफल अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्रों के सत्यापन के लिए जिले में छह फरवरी से 11 फरवरी 2026 तक काउंसलिंग आयोजित की गयी थी. इस दौरान कुछ शिक्षक अभ्यर्थियों की काउंसलिंग विभिन्न कारणों से पूरी नहीं हो सकी थी. ऐसे अभ्यर्थियों के लिए अब पुनः 18 मई 2026 को काउंसलिंग कराने का निर्णय लिया गया है. विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी अपरिहार्य कारण से निर्धारित तिथि को काउंसलिंग नहीं हो पाती है, तो 19 मई 2026 को आरक्षित तिथि के रूप में काउंसलिंग आयोजित की जायेगी. शिक्षा विभाग ने संबंधित शिक्षक अभ्यर्थियों को आगाह करते हुए कहा है कि यह प्रमाणपत्र सत्यापन के लिए अंतिम अवसर होगा. यदि अभ्यर्थी इस काउंसलिंग में अनुपस्थित रहते हैं, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी स्वयं उनकी होगी.वहीं काउंसलिंग के दौरान जिन शिक्षक अभ्यर्थियों के एक या अधिक प्रमाणपत्र संदिग्ध पाये गये हैं, उन्हें सही प्रमाणपत्र अपलोड करने का मौका भी विभाग ने दिया है. इसके लिए बिहार विद्यालय परीक्षा समिति का पोर्टल 11 मई से 15 मई 2026 तक खुला रहेगा. इस अवधि में अभ्यर्थी अपने लॉगिन आइडी और पासवर्ड के माध्यम से समिति की वेबसाइट पर सही प्रमाणपत्र अपलोड कर सकेंगे. विभाग ने कहा है कि अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी बिहार सरकार एवं शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी प्राप्त कर सकते हैं.