रोहतास से मो. आरिफ खान की रिपोर्ट
National Teacher Award 2026: राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए जिला चयन समिति (डीएससी) में राज्य प्रतिनिधि की जिम्मेदारी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) के प्राचार्य अथवा प्रभारी प्राचार्य निभाएंगे. शिक्षा विभाग के प्राथमिक शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में आदेश जारी किया है.
ऑनलाइन आवेदन की समीक्षा और अनुशंसा करेंगे
आदेश के अनुसार राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए शिक्षकों के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया और जिला स्तर पर उनके चयन की कार्रवाई में डायट के प्राचार्य या प्रभारी प्राचार्य राज्य सरकार के प्रतिनिधि के रूप में शामिल होंगे. वे जिला चयन समिति के अन्य सदस्यों के साथ प्राप्त आवेदनों की निर्धारित मानकों के अनुरूप समीक्षा और अनुशंसा करेंगे.
पहले से जारी है ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया
शिक्षा विभाग ने बताया कि प्राथमिक शिक्षा निदेशालय के पूर्व पत्र के माध्यम से राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए शिक्षकों द्वारा ऑनलाइन आवेदन करने तथा जिला चयन समिति द्वारा आवेदन अग्रसारित करने संबंधी दिशा-निर्देश पहले ही जारी किए जा चुके हैं.
भारत सरकार की गाइडलाइन के तहत लिया गया निर्णय
भारत सरकार की मार्गदर्शिका के अनुसार जिला चयन समिति में राज्य सरकार की ओर से एक प्रतिनिधि का नामांकन आवश्यक था. इसी प्रावधान के तहत प्रत्येक जिले में डायट के प्राचार्य अथवा प्रभारी प्राचार्य को जिला चयन समिति का सदस्य (स्टेट रिप्रेजेंटेटिव) नामित किया गया है.
विभाग ने अनुपालन सुनिश्चित करने का दिया निर्देश
शिक्षा विभाग ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. साथ ही आदेश को संबंधित पदाधिकारियों को ई-मेल के माध्यम से उपलब्ध कराने तथा विभागीय वेबसाइट पर अपलोड करने का भी निर्देश दिया गया है.
Also Read : शेखपुरा में बिजली कटौती के खिलाफ प्रदर्शन, 18 से 20 घंटे बिजली गुल, गुस्साए ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
