प्रतिनिधि, अकबरपुर. आदर्श ग्राम पंचायत समहुता का मुख्य चौराहा इन दिनों जलजमाव की समस्या से जूझ रहा है. पंचायत के खेल मैदान के समीप नाली का निर्माण नहीं होने के कारण करीब पांच मोहल्लों और तीन वार्डों का पानी चौराहे पर जमा हो रहा है. इससे चौराहे पर बना बड़ा गड्ढा तालाब में तब्दील हो गया है. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से जलजमाव की समस्या बनी हुई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है.
जलजमाव के बीच आयोजित होते हैं सामूहिक कार्यक्रम
ग्रामीणों के अनुसार, जलजमाव वाले स्थान के पास ही दुर्गापूजा पंडाल, रावण दहन और होलिका दहन समेत कई सामूहिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं. आसपास प्रशासनिक भवन, बीएसएनएल टावर, शौचालय, रनिंग ट्रैक, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल कोर्ट तथा वार्ड संख्या नौ का आंगनबाड़ी केंद्र भी है. ऐसे में जलजमाव के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
स्कूल जाने वाले बच्चों और राहगीरों को परेशानी
चौराहे पर पानी और गंदगी जमा रहने से स्कूल जाने वाले बच्चों, मजदूरों, बैंक और डाकघर जाने वाले लोगों के साथ बाजार आने-जाने वाले राहगीरों को परेशानी हो रही है. ग्रामीणों के अनुसार, लोगों को रोजाना जलजमाव के बीच से होकर गुजरना पड़ता है. इससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है.
चापाकल के पानी में झाग और गंदगी की शिकायत
ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय तक जलजमाव रहने के कारण आसपास के चापाकलों के पानी की गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका है. ग्रामीणों ने पानी में झाग आने और गंदगी की शिकायत की है. उनका कहना है कि जलजमाव के कारण मच्छर और मक्खियों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है.
गड्ढे में ठेला गिरने की घटना
ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ दिन पूर्व एक व्यक्ति ठेला लेकर इसी गड्ढे में गिर गया था. ग्रामीणों ने किसी तरह उसे बाहर निकाला. इससे पहले भी कई बार मवेशियों के गड्ढे में गिरने की घटनाएं होने की बात ग्रामीणों ने कही है. ग्रामीणों ने जल्द से जल्द जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है.
वर्ष 2021 से नाला निर्माण की मांग
सामाजिक कार्यकर्ता रिंकू सिंह ने बताया कि वर्ष 2021 में रंजीत कुमार के मुखिया बनने के बाद से ही जल निकासी के लिए नाला निर्माण की मांग की जा रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत स्तर पर योजना की मांग के बावजूद अब तक नाला निर्माण नहीं कराया गया है. पंचायत सचिव शिवेंदू कुमार को भी ग्रामसभा में कई बार समस्या से अवगत कराने की बात कही गयी है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ.
ग्रामीणों ने स्थायी समाधान की लगायी गुहार
मामले को लेकर नागेश्वर विश्वकर्मा, कन्हाई साह, अमित कुमार, अरविंद साह, रितेश कुमार, जागरूप साह, नंदू विश्वकर्मा और प्रशांत कुमार समेत अन्य ग्रामीणों ने जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग की है. ग्रामीणों का कहना है कि नाला निर्माण या अन्य प्रभावी व्यवस्था कर जलजमाव की समस्या का जल्द समाधान किया जाना चाहिए.
बीडीओ बोले, स्थल निरीक्षण के बाद लिया जायेगा निर्णय
प्रखंड विकास पदाधिकारी ऋषिकेश कुमार ने कहा कि स्थल का निरीक्षण करने के बाद समस्या के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाया जायेगा. उन्होंने कहा कि अगर सोखता बनाकर समस्या का समाधान संभव हुआ, तो सोखता का निर्माण कराया जायेगा. उन्होंने बताया कि वह स्वयं स्थल पर जाकर स्थिति की जांच करेंगे.
ALSO READ : सासाराम में आज लव-कुश जयंती समारोह, मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा करेंगे उद्घाटन
