रोहतास: गुप्ता धाम में श्रावणी मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, SDPO ने तैयारियों का लिया जायजा

विश्व प्रसिद्ध बाबा गुप्तेश्वरनाथ धाम में आगामी श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है. SDPO विप्लव कुमार गुप्ता ने धाम पहुंचकर मेले से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया. श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है.

Rohtas News : विश्व प्रसिद्ध बाबा गुप्तेश्वरनाथ धाम में आगामी श्रावणी मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है. जिला प्रशासन की लगातार निगरानी के बीच सोमवार को एसडीपीओ-1 विप्लव कुमार गुप्ता धाम पहुंचे और मेले से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया.

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त करीब दस दिन पहले जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार, डीडीसी विजय पांडेय, एसडीएम नेहा कुमारी सहित अन्य वरीय अधिकारियों के निरीक्षण के बाद एसडीपीओ का यह दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है. निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर, मुख्य प्रवेश मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, पुलिस सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही, साफ-सफाई और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों की समीक्षा की गयी.

बैरिकेडिंग और भीड़ प्रबंधन को लेकर दिए निर्देश एसडीपीओ विप्लव कुमार ने मौजूद पुलिस पदाधिकारियों और प्रशासनिक कर्मियों को निर्देश दिया कि श्रावण महीने में लाखों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए. उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, मजबूत बैरिकेडिंग, अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्ग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया.

अतिक्रमण हटाने और साफ-सफाई पर विशेष जोर निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ ने मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों को अतिक्रमण मुक्त रखने के साथ साफ-सफाई की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए. आपात स्थिति से निपटने के लिए भी पर्याप्त इंतजाम रखने को कहा गया.

बाबा गुप्तेश्वरनाथ का किया जलाभिषेक निरीक्षण के बाद एसडीपीओ विप्लव कुमार ने बाबा गुप्तेश्वरनाथ के पवित्र शिवलिंग पर विधिवत जलाभिषेक किया और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना की. इसके बाद उन्होंने मंदिर प्रबंधन समिति और तैनात अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली.

इस बार बढ़ सकती है श्रद्धालुओं की संख्या जिला प्रशासन का अनुमान है कि इस वर्ष श्रावणी मेले में पिछले वर्षों की तुलना में अधिक श्रद्धालु पहुंच सकते हैं. इसी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन के लिए विशेष योजना तैयार की जा रही है. पुलिस और प्रशासनिक विभाग आपसी समन्वय से सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं.

क्या कहते हैं एसडीपीओ एसडीपीओ विप्लव कुमार ने कहा कि श्रावणी मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. सुरक्षा, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था की लगातार समीक्षा की जा रही है. सभी पुलिस पदाधिकारियों को सतर्क रहकर ड्यूटी निभाने और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं करने का निर्देश दिया गया है.

चेनारी पुलिस ने भी बढ़ाई तैयारी थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने बताया कि श्रावणी मेले को लेकर चेनारी पुलिस पूरी तरह तैयार है. अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी और यातायात संचालन के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है. उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की.

वन क्षेत्र होने के कारण पर्यावरण संरक्षण पर भी नजर फॉरेस्टर अमित कुमार ने बताया कि गुप्ता धाम वन क्षेत्र में स्थित है, इसलिए पर्यावरण संरक्षण भी प्रशासन की प्राथमिकता है. श्रद्धालुओं से अपील की गयी है कि जंगल क्षेत्र में प्लास्टिक, कूड़ा-कचरा या ज्वलनशील सामग्री नहीं फेंकें. वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है और श्रद्धालुओं से प्रकृति एवं वन्यजीवों की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की गयी है.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Singh

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >