रोहतास: श्रावणी मेले से पहले बदला गुप्ता धाम का स्वरूप, अतिक्रमण पर चला बुलडोजर; गुफा में पहली बार बिछेंगे गद्दीदार मैट

सासाराम के विश्व प्रसिद्ध गुप्ता धाम में श्रावणी मेले की तैयारियां ज़ोरों पर हैं. जिला प्रशासन ने अतिक्रमण हटाकर मार्ग को सुगम बनाया है और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई नए इंतजाम किए हैं. गुफा के अंदर गद्दीदार मैट बिछाए जाएंगे और सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध होंगे.

Sasaram Shravan Mela Preparation : रोहतास जिले के विश्व प्रसिद्ध गुप्ता धाम में शुरू होने वाले श्रावणी मेले को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है. जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा के निर्देश पर वन विभाग, पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त अभियान चलाकर धाम परिसर और पहुंच मार्ग से अतिक्रमण पूरी तरह हटा दिया है.

अब वर्षों से बाधित रास्ता साफ हो गया है, जिससे इस बार लाखों श्रद्धालुओं को आने-जाने में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.

Sasaram News : अधिकारियों ने किया निरीक्षण

हाल ही में जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार, डीएफओ स्टालीन फीडल कुमार और अनुमंडल पदाधिकारी डॉ. नेहा कुमारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों ने बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की. इसके बाद सभी अधिकारियों ने गुप्ता धाम पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए.

निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने बाबा गुप्तेश्वरनाथ के दरबार में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कर मेले के सफल आयोजन की कामना भी की.

रंगाई-पुताई और साफ-सफाई अंतिम चरण में

प्रशासन के अनुसार मंदिर परिसर, सीढ़ियों और मार्ग की रंगाई-पुताई, साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण का कार्य अंतिम चरण में है. मेले के दौरान भी नियमित सफाई सुनिश्चित की जाएगी.

प्रमुख व्यवस्थाएं

  • गुप्ता धाम परिसर से अतिक्रमण पूरी तरह हटाया गया
  • मार्ग को साफ और सुगम बनाया गया
  • गुफा के अंदर गद्दीदार मैट बिछाने की तैयारी
  • बैरिकेडिंग के जरिए कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था
  • मेडिकल टीम, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की सुविधा
  • नियमित साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित

श्रद्धालुओं के लिए नई सुविधा

इस बार प्रशासन एक नई पहल करने जा रहा है. गुफा के अंदर गद्दीदार मैट बिछाए जाएंगे, ताकि नंगे पैर चलने वाले श्रद्धालुओं को कंकड़-पत्थरों और फिसलन से परेशानी न हो.

सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की पुख्ता व्यवस्था

मेले को लेकर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया गया है. बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. वन विभाग, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम पूरे मेले के दौरान तैनात रहेगी.

श्रद्धालुओं के लिए जरूरी निर्देश

  • चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा
  • दोपहिया वाहन पर अधिकतम दो लोग ही जा सकेंगे
  • धाम से 1 किमी पहले पार्किंग, आगे पैदल जाना होगा
  • गुफा में भीड़ नियंत्रित रखने के लिए बैरिकेडिंग लागू
  • बारिश में फिसलन वाले स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें

जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बार गुप्ता धाम आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर सुविधाओं वाला अनुभव मिले. प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और सहयोग बनाए रखें, ताकि मेला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके.

Also Read : आधी रात को सासाराम बाईपास और ROB निर्माण काम देखने पहुंचे DM, 10 दिन में कार्य पूरा करने का दिया आदेश


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Ragini Sharma

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >