रोहतास: बिक्रमगंज लूटकांड के बाद फूटा व्यापारियों का गुस्सा, बोले- बैठकों से नहीं, सुरक्षा से लौटेगा भरोसा

बिक्रमगंज में ज्वेलरी दुकान में दिनदहाड़े हुई लूट की घटना ने स्वर्ण व्यवसायियों को आक्रोशित कर दिया है. व्यापारियों का कहना है कि केवल बैठकों और आश्वासनों से सुरक्षा का भरोसा नहीं लौटेगा, बल्कि स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की आवश्यकता है.

Rohtas News : बिक्रमगंज तेंदुनी चौक के समीप दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में हुई लूट की घटना के बाद नगर के स्वर्ण व्यवसायियों में भारी आक्रोश है. व्यापारियों का कहना है कि हर बड़ी वारदात के बाद पुलिस सुरक्षा को लेकर बैठक तो करती है, लेकिन जमीनी स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होती नहीं दिखती.

'घटना के बाद सिर्फ आश्वासन मिलता है'

लाला जी ज्वेलर्स के संचालक शंकर प्रसाद उर्फ लाला सेठ ने बताया कि 15 जनवरी 2026 को उनकी दुकान में भी चोरी का प्रयास हुआ था. पड़ोसियों की सतर्कता से घटना टल गई, लेकिन सूचना मिलने के बावजूद पुलिस अपराधियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी. उनका आरोप है कि हर घटना के बाद व्यापारियों को हथियार का लाइसेंस लेने की सलाह दी जाती है, लेकिन आवेदन करने के बावजूद लाइसेंस जारी नहीं किया जाता. उन्होंने बताया कि इस संबंध में वे एसपी और डीआईजी से भी मिल चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला.

व्यस्त बाजार में लूट से बढ़ी चिंता

स्वर्ण व्यवसायी संघ, बिक्रमगंज के अध्यक्ष सिन्टू कुमार वर्मा ने कहा कि जिस स्थान पर लूट हुई, वह नगर का सबसे व्यस्त इलाका है. दुकान के पास बैंक ऑफ बड़ौदा और सामने बैंक ऑफ इंडिया की शाखा होने के बावजूद अपराधियों ने बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दिया. उन्होंने कहा कि इससे बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं और केवल बैठकों व आश्वासनों से व्यापारियों का विश्वास नहीं लौटेगा.

स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग

भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं स्वर्ण व्यवसायी मदन प्रसाद वैश्य ने कहा कि जब पुलिस ही व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर पा रही है तो व्यवसायियों में असुरक्षा की भावना बढ़ना स्वाभाविक है. उन्होंने लूटकांड में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी, बाजार क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था और व्यापारियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >