सासाराम : घोरडीहा से मठिया तक स्कूलों की व्यवस्था पर सवाल, शुल्क व वित्तीय अनियमितता की शिकायतों से बढ़ी नाराजगी

नोखा के सरकारी स्कूलों में कुप्रबंधन, छात्रों से ज्यादा फीस वसूलने और वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतें सामने आई हैं. ग्रामीणों की नाराजगी के बाद अब जिलाधिकारी से जांच की मांग की जा रही है. जिला शिक्षा पदाधिकारी ने स्वयं जांच का आश्वासन दिया है.

प्रतिनिधि, नोखा. नोखा प्रखंड के घोरडीहा, मठिया सहित कई विद्यालयों में कुप्रबंधन और शैक्षणिक व्यवस्था को लेकर छात्रों, अभिभावकों और ग्रामीणों की शिकायतें सामने आ रही हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद विद्यालयों की नियमित निगरानी और जांच नहीं होने से व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है.

मैट्रिक-इंटर फॉर्म के नाम पर अधिक राशि लेने की शिकायत

उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय घोरडीहा के प्रधानाध्यापक पर छात्रों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लेने का आरोप लगाया गया है. छात्रों और अभिभावकों के अनुसार, मैट्रिक और इंटर का फॉर्म भरने के नाम पर निर्धारित शुल्क से अधिक राशि ली गयी. वहीं, टीसी और बोनाफाइड प्रमाणपत्र लेने पहुंचे कुछ छात्रों से भी राशि लिये जाने की शिकायत सामने आयी है. ग्रामीणों ने मामले की जानकारी प्रखंड स्तर के शिक्षा अधिकारियों को देने की बात कही है.

कार्रवाई नहीं होने से जांच व्यवस्था पर सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बाद भी अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है. इससे विद्यालयों की निगरानी और जांच व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं. ग्रामीण अब मामले की शिकायत जिलाधिकारी और जिला शिक्षा पदाधिकारी, रोहतास से करने की तैयारी में हैं. उनका कहना है कि विद्यालयों में नियमों का पालन और छात्रों से निर्धारित शुल्क ही लिये जाने की व्यवस्था सुनिश्चित होनी चाहिए.

प्रार्थना और समय पर स्कूल खुलने को लेकर भी शिकायत

ग्रामीणों ने विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी शिकायत की है. आरोप है कि विद्यालय में नियमित रूप से प्रार्थना नहीं करायी जाती है और कभी-कभी समय पर विद्यालय नहीं खुलने की भी शिकायत रहती है. ग्रामीणों ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था की भी नियमित निगरानी की मांग की है.

24 हजार रुपये की कथित निकासी पर भी सवाल

ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय में करीब 24 हजार रुपये की कथित फर्जी निकासी और वित्तीय अनियमितता को लेकर पूर्व में शिकायत की गयी थी. ग्रामीणों का कहना है कि जांच के बाद क्लीन चिट दिये जाने से वे संतुष्ट नहीं हैं. उनका कहना है कि वित्तीय और शैक्षणिक दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से विद्यालय की जांच कराकर दोषी पाये जाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है.

डीईओ बोले, शिकायतों की स्वयं करेंगे जांच

जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने बताया कि उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय घोरडीहा से जुड़ी शिकायतों का मामला उनके संज्ञान में आया है. छात्रों से निर्धारित शुल्क से अधिक राशि लिये जाने, टीसी और बोनाफाइड के लिए पैसे लेने सहित अन्य शिकायतों की जानकारी ली जा रही है. उन्होंने कहा कि मामले की स्वयं जांच करेंगे.

आरोप सही मिले तो होगी नियमानुसार कार्रवाई

डीईओ ने कहा कि जांच के दौरान शिकायतों की सत्यता और विद्यालय की कार्यप्रणाली की पड़ताल की जायेगी. यदि जांच में आरोप सही पाये गये और किसी स्तर पर अनियमितता सामने आयी, तो संबंधित दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी. उन्होंने कहा कि विद्यालयों में नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जायेगा.

ALSO READ : सासाराम में आज लव-कुश जयंती समारोह, मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा करेंगे उद्घाटन

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रंजन कुमार

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >