प्रतिनिधि, नासरीगंज. प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित ई-किसान भवन के सभागार में बुधवार को प्रखंड किसान सलाहकार समिति (आत्मा) की बैठक आयोजित की गयी. बैठक की अध्यक्षता आत्मा अध्यक्ष संजय कुमार ने की. इसमें किसानों को सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ दिलाने और कृषि से जुड़ी योजनाओं के प्रति जागरूक करने पर चर्चा हुई.
बिहार कृषि एप पर अधिक से अधिक निबंधन कराने पर जोर
बैठक में किसानों का बिहार कृषि एप पर अधिक से अधिक निबंधन कराने पर जोर दिया गया. इसके साथ ही एग्री स्टैक और फार्मर आईडी तैयार कराने तथा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई. प्रगतिशील किसानों को प्रशिक्षण और कृषि से जुड़े परिभ्रमण कार्यक्रमों से जोड़ने की बात कही गयी.
किसानों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने की जरूरत
आत्मा अध्यक्ष संजय कुमार ने कहा कि किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आत्मा की गतिविधियों को गतिशील बनाना जरूरी है. उन्होंने कहा कि काम सही तरीके से होना चाहिए, ताकि सरकार की ओर से चलायी जा रही योजनाओं का लाभ हर किसान तक पहुंच सके. किसानों को जागरूक करने के लिए प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया.
हर पंचायत में किसानों को जागरूक करेंगे किसान सलाहकार
संजय कुमार ने कहा कि किसान सलाहकारों को हर पंचायत में पहुंचकर किसानों को कृषि योजनाओं की जानकारी देनी चाहिए. इससे किसान सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए समय पर आवेदन कर सकेंगे. उन्होंने किसानों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने को जरूरी बताया.
समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने पर जोर
प्रखंड कृषि तकनीकी प्रबंधक अरुण कुमार ने कहा कि किसान सलाहकार समिति का मुख्य उद्देश्य किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराने के साथ सरकारी योजनाओं का लाभ ससमय दिलाना है. उन्होंने किसानों से कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ लेने की अपील की. साथ ही किसानों को कृषि से जुड़ी नयी तकनीकों की जानकारी भी दी.
कृषि विभाग की योजनाओं की दी गयी जानकारी
सहायक तकनीकी प्रबंधक अंकित कुमार तिवारी ने उपस्थित किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लाभ के बारे में विस्तृत जानकारी दी. उन्होंने किसानों को कृषि क्षेत्र में उपलब्ध योजनाओं और तकनीकी सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया.
कृषि अधिकारियों और कर्मियों की रही मौजूदगी
बैठक में कृषि समन्वयक ललित मोहन सिंह, सुरेश पाण्डेय, रौशन सिंह, सूर्यकेश्वर सिंह, सीताराम, रमेश, विवेकानंद, ह्रदयानंद, अश्विनी, कमलेश, हरेंद्र सहित अन्य लोग मौजूद थे.
