Sasaram News : खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, रोहतास के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 की तैयारियां शुरू हो गई हैं. प्रतियोगिता के सफल आयोजन से पहले शारीरिक शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं शारीरिक स्वास्थ्य अनुदेशकों को प्रशिक्षित करने के लिए बिक्रमगंज अनुमंडल में दो दिवसीय गैर-आवासीय सेमिनार आयोजित किया गया, जिसमें 165 शारीरिक शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भाग लिया.
अगस्त के तीसरे सप्ताह में होगी प्रतियोगिता
जिला खेल पदाधिकारी विजय कुमार पंडित ने बताया कि जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता अगस्त माह के तीसरे सप्ताह में आयोजित होने की संभावना है. इसके मद्देनजर 27 एवं 28 जुलाई को केके उच्च विद्यालय, संझौली तथा उच्च माध्यमिक विद्यालय, बिक्रमगंज में प्रशिक्षण सेमिनार आयोजित किया गया.
विभिन्न खेलों की तकनीकी जानकारी दी गई
सेमिनार में सूर्यपुरा, काराकाट, संझौली, राजपुर, दिनारा, दावथ, नासरीगंज एवं बिक्रमगंज प्रखंड के मध्य, उच्च, उच्च माध्यमिक, परियोजना बालिका, कस्तूरबा एवं निजी विद्यालयों के शारीरिक शिक्षक-शिक्षिकाओं को एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो और हैंडबॉल सहित विभिन्न खेल विधाओं के सैद्धांतिक एवं प्रायोगिक पहलुओं की जानकारी दी गई. प्रशिक्षकों ने मैदान में प्रदर्शन कर खेलों की तकनीकी बारीकियां भी समझाईं.
बेहतर प्रशिक्षण से बढ़ेगा पदक जीतने का अवसर
जिला खेल पदाधिकारी ने कहा कि यदि शारीरिक शिक्षक खेलों की तकनीकी जानकारी के साथ बच्चों को प्रशिक्षित करेंगे तो जिले को विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन और अधिक पदक मिल सकेंगे. उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी विशेष महत्व दे रही है. ऐसे में विद्यालय स्तर पर बच्चों की खेल प्रतिभा को निखारने के लिए नियमित शारीरिक गतिविधियों को बढ़ावा देना आवश्यक है.
30 और 31 जुलाई को सासाराम में होगा अगला सेमिनार
सेमिनार में जिला खेल पदाधिकारी विजय कुमार पंडित, एकलव्य कोच रानू कुमार, शशि रंजन कुमार एवं कुश कुमार त्रिपाठी ने प्रशिक्षक की भूमिका निभाई. वहीं प्रधानाध्यापक सत्यम कुमार, सीमा पाठक सहित विभिन्न प्रखंडों के शारीरिक शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं. जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि सासाराम अनुमंडल के सासाराम, शिवसागर, करगहर, कोचस एवं चेनारी प्रखंड के शारीरिक शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए दो दिवसीय गैर-आवासीय सेमिनार 30 एवं 31 जुलाई को तकिया स्थित श्री शंकर उच्च माध्यमिक प्लस टू विद्यालय में आयोजित किया जाएगा. इसमें सभी प्रतिभागियों को समय पर लेखन सामग्री के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया है.
