डेहरी रेलवे स्टेशन का बदलेगा स्वरूप, एस्केलेटर और लिफ्ट से आसान होगा यात्रियों का सफर

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत डेहरी-ऑन-सोन रेलवे स्टेशन का कायाकल्प हो रहा है। यात्रियों के लिए जल्द ही एस्केलेटर और आधुनिक सुविधाओं की शुरुआत होगी।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत डीडीयू मंडल के डेहरी-ऑन-सोन रेलवे स्टेशन के कायाकल्प और विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं. स्टेशन के पुनर्विकास पर करीब 12.25 से 16.12 करोड़ रुपये खर्च किए जाने हैं. स्टेशन के पुनर्विकास कार्य का शिलान्यास फरवरी 2024 में किया गया था. योजना पूरी होने के बाद यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर और सुविधाजनक रेल यात्रा का अनुभव मिलने की उम्मीद है.

डेहरी रेलवे स्टेशन पर आधुनिक सुविधाओं का विस्तार

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत डेहरी-ऑन-सोन रेलवे स्टेशन के भवन में आवश्यक सुधार के साथ आधुनिक प्रतीक्षालय और उन्नत शौचालय ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है. स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण भी कराया जा रहा है, जिससे यात्रियों को बेहतर वातावरण मिल सके.

12 फीट चौड़े फुट ओवरब्रिज से आसान होगी आवाजाही

यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए स्टेशन पर करीब 12 फीट चौड़े मल्टीपर्पस फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जा रहा है. इसके अलावा प्लेटफॉर्म की सतह को बेहतर बनाने और आवश्यक स्थानों पर कवर शेड लगाने का काम भी जारी है.

एक लिफ्ट चालू, दो लिफ्ट और एस्केलेटर का काम अंतिम दौर में

यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर तीन नई लिफ्ट लगाने की योजना है. इनमें एक लिफ्ट चालू हो चुकी है, जबकि दो अन्य लिफ्ट और एक एस्केलेटर का निर्माण कार्य अंतिम दौर में है. इससे बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांग यात्रियों और सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलने की उम्मीद है.

सर्कुलेटिंग एरिया और पार्किंग व्यवस्था होगी बेहतर

स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया को विकसित कर यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने का काम किया जा रहा है. इसके साथ ही पार्किंग की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर भी जोर है. योजना पूरी होने के बाद स्टेशन आने वाले यात्रियों को वाहनों की पार्किंग में होने वाली परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है.

आधुनिक आरक्षण केंद्र और ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड की सुविधा

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन पर मल्टीपर्पस आरक्षण केंद्र, दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं, आधुनिक ट्रेन डिस्प्ले बोर्ड और उन्नत उद्घोषणा प्रणाली स्थापित की जा रही है. स्टेशन भवन और परिसर को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है.

स्टेशन का सौंदर्यीकरण भी जारी

डेहरी-ऑन-सोन रेलवे स्टेशन को आकर्षक स्वरूप देने के लिए सौंदर्यीकरण का काम भी चल रहा है. स्टेशन परिसर के विकास के साथ यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्टेशन की तस्वीर पहले की तुलना में काफी बदली हुई नजर आने की उम्मीद है.

यात्रियों ने कहा. सुविधाएं बढ़ने से सफर होगा आसान

स्टेशन पर चल रहे विकास कार्यों को लेकर यात्रियों में उत्साह है. यात्रियों का कहना है कि स्टेशन का स्वरूप बदलने के साथ आधुनिक सुविधाएं मिलने से आने-जाने में आसानी होगी. मोनिका दास ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे विकास कार्य सराहनीय हैं और इससे यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है.

साफ-सफाई और यात्री सुविधाओं में सुधार से मिलेगी राहत

यात्री पूनम कश्यप ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर साफ-सफाई, यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचनाओं में सुधार देखकर खुशी हो रही है. लंबे समय से स्टेशन के विकास की जरूरत महसूस की जा रही थी. योजना पूरी होने के बाद यात्रियों को काफी राहत मिलेगी.

एस्केलेटर और लिफ्ट से बुजुर्गों को मिलेगी सुविधा

सुनील कुमार ने कहा कि डेहरी रेलवे स्टेशन पर रोज बड़ी संख्या में यात्री ट्रेन पकड़ते और उतरते हैं. विकास कार्य पूरा होने के बाद एस्केलेटर, लिफ्ट, बेहतर प्रतीक्षालय और सुगम आवागमन जैसी सुविधाएं मिलने से यात्रियों का सफर और सुविधाजनक होगा.

गुणवत्तापूर्ण निर्माण की यात्रियों ने जतायी उम्मीद

सोमी पाठक ने कहा कि स्टेशन के आधुनिकीकरण का काम तेजी से होना अच्छी बात है. रेलवे की ओर से यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर किए जा रहे कार्यों से स्टेशन की तस्वीर बदल रही है. उन्होंने निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराने की उम्मीद जतायी.

डेहरी स्टेशन को मिलेगी नयी पहचान

विनय कुमार मिश्र ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हो रहे कार्यों से डेहरी स्टेशन का नया स्वरूप दिखने लगा है. खासकर दूर-दराज से आने वाले यात्रियों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा. इससे स्टेशन की पहचान और बेहतर होगी.

जल्द काम पूरा होने का यात्रियों को इंतजार

ज्योति कुमारी ने कहा कि स्टेशन के विकास कार्य शुरू होने से यात्रियों में उत्साह है. उम्मीद है कि निर्माण कार्य जल्द पूरा होगा और सभी सुविधाएं व्यवस्थित रूप से उपलब्ध होंगी. इससे डेहरी स्टेशन यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक और आकर्षक बनेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मुकेश पांडेय

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >