Rohtas News : 87वीं बटालियन सीआरपीएफ के 40 वर्षीय जवान कंचन कुमार ठाकुर का पार्थिव शरीर रविवार देर शाम उनके पैतृक गांव मुंजी डीहरा पहुंचा. शव पहुंचते ही पूरा गांव शोक में डूब गया. परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. जवान के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और आसपास के लोग पहुंच गये. गयाजी स्थित 87वीं बटालियन के सीआरपीएफ जवानों की यूनिट ने पहुंचकर राष्ट्रीय सम्मान के साथ उन्हें सलामी दी.
तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर में गयी थी जवान की जान
शनिवार को सासाराम-तिलौथू स्टेट हाइवे पर टेढ़का के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी थी. हादसे में ऑटो सवार सीआरपीएफ जवान कंचन ठाकुर की मौत हो गयी थी. उनकी पत्नी सीतामुनी देवी समेत तीन अन्य लोग घायल हुए थे. सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल सासाराम के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है.
छुट्टी पर घर आये थे, पत्नी के साथ दर्शन करने निकले थे
कंचन ठाकुर कुछ दिन पहले ही छुट्टी पर घर आये थे. परिजनों के अनुसार, शनिवार सुबह वह अपनी पत्नी के साथ ताराचंडी मंदिर दर्शन करने गये थे. दर्शन के बाद दोनों ऑटो से तुतला भवानी जाने के लिए निकले थे. इसी दौरान टेढ़का के पास तेज रफ्तार बोलेरो ने ऑटो में टक्कर मार दी. हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन लेकर फरार हो गया.
राष्ट्रीय सम्मान के साथ दी गयी अंतिम विदाई
अंतिम संस्कार के दौरान बिक्रमगंज एसडीएम दिलीप कुमार, एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह, काराकाट सीओ रितेश कुमार, थानाध्यक्ष विवेक कुमार, मुंजी पंचायत मुखिया अजय प्रताप सिंह और बीडीसी अकबर हुसैन ने जवान को श्रद्धांजलि दी. 87वीं सीआरपीएफ बटालियन के जवानों ने बिगुल बजाकर राष्ट्रीय सम्मान के साथ सलामी दी.
'कंचन कुमार अमर रहें' के नारों से गूंज उठा गांव
जैसे ही सीआरपीएफ जवान पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए कंधे पर लेकर निकले, पूरा गांव 'कंचन कुमार अमर रहें' के नारों से गूंज उठा. अंतिम दर्शन के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा. श्मशान घाट तक लोगों की भारी भीड़ जवान को अंतिम विदाई देने के लिए साथ चलती रही.
8 साल के बेटे ने दी पिता को मुखाग्नि, हर आंख हुई नम
कंचन ठाकुर के 8 वर्षीय इकलौते पुत्र अंश ने अपने पिता को मुखाग्नि दी. पिता की चिता को मुखाग्नि देते मासूम बेटे का दृश्य बेहद मार्मिक था. मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गयीं. जवान की 5 वर्षीय बेटी पीहू, पिता और बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम संस्कार में शामिल हुए.
