बक्सर-रोहतास में आपूर्ति पदाधिकारियों का विरोध, काला बिल्ला लगाकर किया काम; मांगें नहीं मानीं तो हड़ताल की चेतावनी

बिहार में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर काला बिल्ला लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। सरकार से जल्द समाधान की मांग की गई है।

Rohtas News : बिहार आपूर्ति सेवा संघ के आह्वान पर सोमवार को अनुमंडल के कई प्रखंडों के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों ने काला बिल्ला लगाकर सांकेतिक विरोध जताया और कार्यालय का काम किया. आपूर्ति पदाधिकारियों ने सरकार से अपनी विभिन्न मांगों पर जल्द सकारात्मक पहल करने की मांग की है. अधिकारियों ने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा.

काला बिल्ला लगाकर जताया विरोध

सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी एहसान करीम ने बताया कि सोमवार को अधिकारियों ने काला बिल्ला लगाकर काम किया. उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं की तो पहले दो दिनों का कार्य बहिष्कार किया जाएगा. इसके बाद भी मांगें नहीं मानी गयीं तो सामूहिक रूप से हड़ताल पर जाने का निर्णय लिया जाएगा.

कैडर पुनर्गठन और कार्यालय सहायक की मांग

बिहार आपूर्ति सेवा संघ की ओर से विभाग के सामने कई मांगें रखी गयी हैं. इनमें कैडर का पुनर्गठन, कार्यालय व्यय की व्यवस्था और कार्यालय सहायक की नियुक्ति प्रमुख है. अधिकारियों का कहना है कि इन सुविधाओं के अभाव में विभागीय कार्यों को पूरा करने में परेशानी होती है.

राशन कार्ड के लिए कंप्यूटर और वाहन की मांग

आपूर्ति पदाधिकारियों ने राशन कार्ड बनाने के लिए कंप्यूटर और अन्य जरूरी उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की है. इसके साथ ही विभागीय कार्यों के लिए वाहन की व्यवस्था करने की मांग भी की गयी है. अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में काम करने के दौरान संसाधनों की कमी के कारण कई व्यावहारिक दिक्कतें सामने आती हैं.

पदोन्नति और वेतन विसंगति दूर करने की मांग

संघ ने अनुज्ञापन का अधिकार देने, पदोन्नति एवं वेतनमान की विसंगति दूर करने और संबंधित नियमावली में आवश्यक संशोधन करने की मांग की है. इसके अलावा प्रखंड कार्यालय स्तर पर निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी का अधिकार देने और पीडीएस नियमावली 2016 में आवश्यक संशोधन की मांग भी रखी गयी है.

सीमित संसाधनों में बढ़ रहा काम का दबाव

आपूर्ति पदाधिकारियों का कहना है कि सीमित संसाधनों के बीच राशन कार्ड निर्माण, ई-केवाईसी और आधार से पंजीकृत मोबाइल नंबर की सीडिंग जैसे कार्यों का लक्ष्य पूरा करने का दबाव है. क्षेत्रीय स्तर पर तकनीकी और व्यावहारिक कठिनाइयों के बावजूद अधिकारी और कर्मी लगातार काम कर रहे हैं.

मांगें नहीं मानीं तो बढ़ेगा आंदोलन

संघ के अनुसार, राशन कार्ड निर्माण अभियान को सफल बनाने के लिए आपूर्ति पदाधिकारी और कर्मी लगातार काम कर रहे हैं, लेकिन जरूरी संसाधनों और सुविधाओं की कमी के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इन्हीं समस्याओं के समाधान और विभागीय व्यवस्था को मजबूत करने के लिए आंदोलन शुरू किया गया है.

सोमवार को काला बिल्ला लगाकर विरोध जताने वालों में सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी एहसान करीम, अभिषेक कुमार, राहुल रंजन, राहुल सिंह और अरविंद सिंह समेत अन्य आपूर्ति पदाधिकारी शामिल रहे. अधिकारियों ने कहा कि मांगों पर जल्द निर्णय नहीं हुआ तो आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा.

काला बिल्ला के साथ बिक्रमगंज अनुमंडल के विभिन्न प्रखंडों के आपूर्ति पदाधिकारियों की तस्वीर | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संतोष चंद्रकांत

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >