Rohtas News : बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे एक यात्री के पिट्ठू बैग से आरपीएफ ने 51 लाख 69 हजार 450 रुपये नकद बरामद किये. यात्री जनरल टिकट लेकर पेंट्रीकार और ए-1 कोच के बीच बफर में यात्रा कर रहा था. मार्गरक्षण दल को उसकी गतिविधियों पर संदेह हुआ. पूछताछ के बाद संदेह बढ़ने पर इसकी सूचना सुरक्षा नियंत्रण कक्ष, डीडीयू को दी गयी.
डेहरी स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही यात्री को घेरा
रेल सुरक्षा बल पोस्ट डेहरी ऑन सोन के प्रभारी निरीक्षक राजकिशोर कच्छवाहा ने बताया कि सूचना मिलने के बाद तत्काल टीम गठित कर ट्रेन का इंतजार किया गया. देर शाम करीब 8:30 बजे बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस प्लेटफार्म संख्या चार पर पहुंची. टीम ट्रेन में सवार हुई और संदिग्ध यात्री को घेरकर प्लेटफार्म पर उतार लिया.
महाराष्ट्र का रहने वाला है यात्री
पूछताछ में यात्री ने अपना नाम किरण बालासाहेब जाधव, उम्र 27 वर्ष, निवासी खरातबाड़ी शिवने गांव, सांगला थाना क्षेत्र, सोलापुर जिला, महाराष्ट्र बताया. पुलिस ने उसका आधार कार्ड भी जांचा, जो सही पाया गया.
बैग खुला तो निकली लाखों की नकदी
वीडियोग्राफी के बीच यात्री के पास मौजूद मैरून रंग के पिट्ठू बैग की तलाशी ली गयी. बैग के अंदर से 500 रुपये के 10,338 नोट, 200 रुपये का एक नोट, 100 रुपये के दो नोट और 50 रुपये का एक नोट बरामद हुआ. कुल नकदी 51 लाख 69 हजार 450 रुपये पायी गयी.
वाराणसी से आभूषण बेचकर लौटने का दावा
पूछताछ में यात्री ने खुद को स्वर्ण व्यवसायी बताया. उसने पुलिस को बताया कि वाराणसी के मैदागिन में सोने के आभूषण बेचने के बाद वह रुपये लेकर जनरल टिकट से वर्धमान जा रहा था. हालांकि इतनी बड़ी रकम लेकर जनरल टिकट पर यात्रा करने को लेकर आरपीएफ ने नकदी को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी.
आयकर विभाग को दी गयी सूचना
बरामद रुपये से भरा बैग जब्त कर यात्री को राजकीय रेल थाना डेहरी ऑन सोन लाया गया. मामले की सूचना आयकर विभाग, पटना को दी गयी. आयकर अधिकारी के निर्देश पर मामले के निष्पादन के लिए आयकर विभाग पटना को आधिकारिक ई-मेल भी भेजा गया.
कार्रवाई में ये पुलिसकर्मी रहे शामिल
कार्रवाई में राजकीय रेल थानाध्यक्ष पंकज कुमार, आरपीएफ उप निरीक्षक अमरजीत दास, मनोज कुमार, सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र दास, जीआरपी उप निरीक्षक नागेश्वर मंडल सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे.
