Rohtas News : रोहतास जिला के राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) प्रवीण कुमार ने औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुमित कुमार ने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तृत अवलोकन कराया और व्यवस्थाओं की जानकारी दी.
ड्यूटी पर मिले सभी चिकित्सक और कर्मी निरीक्षण के बाद बीडीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि अस्पताल में चिकित्सकों सहित सभी स्वास्थ्य कर्मी अपने-अपने निर्धारित कार्यस्थल पर उपस्थित मिले. सरकार द्वारा उपलब्ध करायी गई आवश्यक दवाओं का रखरखाव और भंडारण भी संतोषजनक पाया गया. उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए आवश्यक सेवाओं के सुचारु संचालन पर बल दिया.
मरीजों ने रखी अल्ट्रासाउंड और टांका सुविधा की मांग निरीक्षण के दौरान मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करने की मांग उठायी. उन्होंने बताया कि हाथ-पांव टूटने जैसे सामान्य मामलों में भी मरीजों को सदर अस्पताल, सासाराम रेफर कर दिया जाता है. अस्पताल में छोटे घावों पर टांका लगाने जैसी प्राथमिक उपचार की सुविधा भी उपलब्ध नहीं है, जिससे मरीजों को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है.
कई स्वास्थ्य अधिकारी रहे मौजूद निरीक्षण के दौरान प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक संदीप कुमार, एकाउंटेंट बिनोद द्विवेदी, बीसीएम विकास कुमार, कर्मी नवीन गौतम, बड़ा बाबू मनोज कुमार, सुनीता कुमारी, धीरज कुमार, सुरक्षा कर्मी मुन्ना पांडेय, प्रकाश तिवारी, बिनोद यादव, मो. बख्तियार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे.
